Home Blog

20 पटवारी और 10 गिरदावरों के एक साथ तबादले

  • राजस्व महकमे में चर्चाएं

  • 10 जुलाई को राजस्व मंडल व संभागीय आयुक्त की स्थानांतरण सूची जारी


Deoli News 16 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र के राजस्व विभाग में 10 जुलाई को जारी स्थानांतरण सूची इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। दरअसल राजस्व मंडल एवं संभागीय आयुक्त कार्यालय की ओर से जारी आदेशों में एक साथ 20 पटवारियों और 10 गिरदावरों के एक साथ तबादले किए गए हैं।

लंबे समय बाद इतने बड़े स्तर पर हुए स्थानांतरण को राजस्व महकमे का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल माना जा रहा है। लेकिन वजह राजनीतिक भी हो सकती है। स्थानांतरण आदेश के बाद कई पटवारियों और गिरदावरों को नए हलकों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि कई स्थानों पर रिक्त पदों पर नई नियुक्ति की गई है। विभागीय कर्मचारियों के बीच इस व्यापक फेरबदल को लेकर चर्चाओं का दौर है। कई कर्मचारी नए कार्यस्थल पर कार्यभार ग्रहण करने की तैयारी में जुट गए हैं, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी नए पटवारियों और गिरदावरों की नियुक्ति को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। विभागीय सूत्रों के अनुसार प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, कार्य संतुलन स्थापित करने तथा राजस्व कार्यों में गति लाने के उद्देश्य से यह तबादला सूची जारी की गई है। स्थानांतरित गिरदावरों में दीपा मीणा, अनुपमा बैरवा, पंकज जैन, पवनेश जोशी, शोभागमल मीणा, रामकेश मीणा, श्योजीराम जाट, रामकिशन मीणा, शंकर मीणा, मनीष कुमार मीणा समेत हैं।

पटवारियों में किशन गर्ग, धर्मपाल खोरवाल, दिनेश चौधरी, लोकेश सैनी, सरला मीणा, सुशील जैन, द्वारका खारोल, भंवर सिंह, दिलखुश मीणा, नितेश शर्मा, देवकरण चौधरी, जयसिंह जाट, मुकेश चौधरी, मुकेश मीणा, संजय मीणा, अभिषेक सांसी, महेश मीणा सहित कुल 20 पटवारियों के स्थानांतरण किए गए हैं। इन पटवारी और गिरदावरों को उपखंड तो दूर की बात, संभाग व जिले तक बदलकर तक भेजा गया है। ट्रांसफर सूची में पटवारियों को बारां जिले के अटरू, छबड़ा, अंता, छीपाबड़ौद भेजा गया है। जबकि गिरदावरों को भीलवाड़ा व पाली जिलों के मारवाड़ जंक्शन, काछोला, मांडलगढ़, बनेड़ा, हमीरगढ़ समेत स्थान पर भेजा गया है।

 

बेटे और बहू ने बुजुर्ग पिता को पीटा, जान से मारने की धमकी दी

आरोप में मामला दर्ज


Deoli News 16 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमान नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक पारिवारिक मामला सामने आया है। ऊंचा निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग भेरूलाल टाक ने पुलिस को शिकायत देकर अपने ही बेटे और बहू पर मारपीट का आरोप लगाया है।

पीड़ित बुजुर्ग ने शिकायत में बताया है कि गुरुवार सुबह करीब 6 बजे उनके बेटे धर्मेंद्र मेवाड़ा और बहू पार्वती ने घर पर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। इस घटना में बुजुर्ग के सिर में चोट आई है और खून भी निकला है। जिन्हें देवली अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित का आरोप है कि उनका बेटा और बहू उन्हें लंबे समय से परेशान कर रहे हैं और आए दिन गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकियां देते हैं। बुजुर्ग ने पुलिस से आरोपी बेटे और बहू के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है।

“30 टन मक्का मंगवाई, 4.99 लाख का भुगतान अटका, व्यापारी पर मामला दर्ज”


Deoli News 16 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली की नई कृषि उपज मंडी में आढ़त का कारोबार करने वाले एक व्यापारी ने गुजरात की एक फर्म के संचालक पर मक्का की खेप मंगवाने के बाद शेष भुगतान नहीं करने का आरोप लगाते हुए हनुमान नगर थाने में मामला दर्ज कराया है।

पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार परिवादी दीपक कुमार मीणा पुत्र उगम सिंह मीणा निवासी लुन्दा का झोपड़ा, लुहारी कलां थाना जहाजपुर ने रिपोर्ट में बताया कि वह देवली कृषि मंडी में खैराड़ मीणा ट्रेडिंग कंपनी के नाम से आढ़त की दुकान संचालित करता है। फर्म की प्रोपराइटर उसकी माता काली देवी हैं। रिपोर्ट में बताया कि कुछ समय पहले फोन के माध्यम से उसका संपर्क दर्शन कुमार महासुखभाई पटेल निवासी मोडासा, मलपुर, जिला अरावली (गुजरात) से हुआ। दर्शन कुमार ने स्वयं को पशु आहार का व्यापारी बताते हुए मेट्रो पशु आहार एवं श्रीजी इंडस्ट्रीज के नाम से फर्म संचालित करना बताया और 30 टन मक्का खरीदने का सौदा किया। आरोप है कि उसने अग्रिम राशि के रूप में 50 हजार रुपए का भुगतान किया।

जिसके बाद गत 22 फरवरी को ट्रक के माध्यम से मक्का गुजरात भेजा गया। वहीं 23 फरवरी को माल उसके बताए स्थान पर उतार दिया गया। परिवादी के आरोप अनुसार मेट्रो पशु आहार के नाम से बिल संख्या 504 जारी किया गया, जिसकी कुल राशि 5, लाख 49 हजार 480 रुपए थी। इसमें से केवल 50 हजार का भुगतान किया गया, जबकि शेष 4,99,480 का भुगतान अब तक नहीं किया गया। कई बार तकादा करने के बावजूद राशि नहीं मिलने पर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली।

आचार्य वर्धमान सागर का गुणानुवाद करना संयम और वात्सल्य की वंदना है


Deoli News 16 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) आचार्य वर्धमान सागर महाराज के 37वें आचार्य पदारोहण दिवस पर गुरुवार को मुनि वैराग्य सागर महाराज एवं मुनि सुप्रभ सागर महाराज के सानिध्य में श्रद्धा व गुरु भक्ति के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे संगीतमय गुरुपूजा एवं गुणानुवाद सभा से हुई। यहां मुनि वैराग्य सागर महाराज एवं मुनि सुप्रभ सागर महाराज ने कहा कि आचार्य वर्धमान सागर का गुणानुवाद करना साक्षात संयम, तप और वात्सल्य की वंदना करने के समान है। उन्होंने कहा कि आचार्य वर्धमान सागर को संपूर्ण जैन समाज में “वात्सल्य वारिधि” अर्थात करुणा और स्नेह का समुद्र कहा जाता है। वे दिगंबर जैन मुनि परंपरा के कठोर मूलगुणों के अक्षुण्ण पालक हैं तथा वर्तमान में 36 से अधिक साधुओं के विशाल संघ का अनुशासित एवं कुशल संचालन उनकी उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता का परिचायक है।

इस दौरान आचार्य का चित्र अनावरण मनोहरलाल कासलीवाल एवं दिनेश कुमार कासलीवाल ने किया। मुनियों का पादप्रक्षालन शांतिलाल सोनी, सुरेश कुमार सोनी, महावीर प्रसाद गोधा एवं सुशील कुमार गोधा (डाबर) ने किया। वहीं शास्त्र भेंट का अवसर विनय कुमार, महावीर प्रसाद, धनराज सांडला, डॉ. विमल तथा देशबंधु जैन को प्राप्त हुआ।

सेफ्टी चैप्टर : महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता और यातायात नियम बताएं


Deoli News 16 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय देवली में महिला सुरक्षा, यातायात सुरक्षा एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डीएसपी हेमराज मुंड ने विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और जिम्मेदार नागरिक बनने के बारे में जानकारी दी।

इस दौरान ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज गिर्राज चौधरी, हेडकांस्टेबल प्रहलाद, महिला कांस्टेबल सुनीता, गायत्री तथा कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की हेड कांस्टेबल रजिया बानो ने सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को सार्वजनिक सड़कों पर मोटर वाहन नहीं चलाना चाहिए। कार्यक्रम में बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी और “डिजिटल अरेस्ट” जैसे मामलों से बचाव के उपाय भी बताए गए। विद्यार्थियों को किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा साइबर अपराध होने पर राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 और साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।

साथ ही कालिका स्क्वॉड की ओर से छात्राओं को सेल्फ डिफेंस का प्रशिक्षण भी दिया गया। विद्यालय प्राचार्य नवरत्न मित्तल ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को सुरक्षित, सजग और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।

देवली में अवैध मछलियों सहित आरोपी गिरफ्तार, हनुमान नगर में घर के बाहर से बाइक चोरी


Deoli News 16 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली थाना पुलिस ने मत्स्य प्रजनन ऋतु में मछलियों के आखेट पर प्रतिबंध के बावजूद 65 किलोग्राम अवैध मछलियों का परिवहन करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसकी बाइक व मछलियां जब्त की हैं।

पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर एएसआई सीताराम, कांस्टेबल मीठालाल व हुक्मनाथ ने देवलीगांव मार्ग पर नाकाबंदी कर निरंजन सिंह पुत्र नारायण सिंह बंगाली, निवासी बंगाली कॉलोनी, देवली को पकड़ा है। मत्स्य विभाग की जांच में बोरी से ग्रासकार्प, कतला और रोहू प्रजाति की कुल 19 मृत मछलियां, जिनका कुल वजन 65 किलोग्राम था, बरामद हुईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई गोपाल सिंह को सौंपी है। वहीं हनुमान नगर थाना क्षेत्र के कुंचलवाड़ा रोड स्थित मातेश्वरी कॉलोनी में घर के बाहर खड़ी बाइक चोरी होने का मामला दर्ज हुआ है।

मामले में पीड़ित धनराज पुत्र रामनारायण जांगिड़ ने रिपोर्ट में बताया कि रात दो बजे तक उसकी बजाज प्लेटिना बाइक घर के बाहर खड़ी थी, लेकिन सुबह पांच बजे उठने पर वह गायब मिली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई हरिसिंह को सौंपी है।

ईशु छोड़ गया मुस्कान, सरलता और सादगी थी पहचान

लोगों के पट्टे इंतजार में, ‘सफलता’ पेड़ हटाने में

  • शहरी सेवा शिविर की पहली उपलब्धि सिर्फ पेड़ हटाने तक सीमित

  • जनहित के कई कार्य अब भी अधूरे


Jahazpur News 16 जुलाई (मोहम्मद आज़ाद नेब) नगर पालिका के शहरी सेवा शिविर-2026 के तहत जारी पहले प्रेस रिलीज़ में आशापुरा माताजी मंदिर के समीप सड़क पर गिरे नीम के पेड़ को हटाने की कार्रवाई को प्रमुख उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत किया गया है।

हालांकि लोगों का कहना है कि शिविर से उन्हें पट्टा वितरण, लंबित नामांतरण प्रकरणों के निस्तारण, सफाई व्यवस्था, सड़क-नाली सुधार और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में त्वरित प्रगति की उम्मीद थी, लेकिन अब तक ऐसे मामलों में कोई परिणाम सामने नहीं आए हैं। लोगों का कहना है कि सड़क पर गिरे पेड़ को हटाना नगर पालिका की नियमित जिम्मेदारी है, जबकि विशेष अभियान का उद्देश्य वर्षों से लंबित जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान होना चाहिए। लोगों का कहना है कि यदि शिविर की पहली उपलब्धि के रूप में केवल नियमित कार्यों को ही प्रचारित किया जाएगा तो शिविर के उद्देश्य और प्रभावशीलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

लोगों ने अपेक्षा जताई है कि आगामी दिनों में शिविर के दौरान लंबित पट्टों सहित अन्य महत्वपूर्ण जनहित के कार्यों का भी त्वरित निस्तारण किया जाए, ताकि अभियान का वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंच सके।

एनओसी विवाद, ग्रामीणों ने एसडीओं को सौंपा ज्ञापन

विकास अधिकारी ने जारी किया कारण बताओ नोटिस


Deoli News 16 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) ग्राम पंचायत पनवाड़ में गौशाला संचालन के लिए जारी की गई एनओसी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है।एक ओर ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत प्रशासक पर नियमों की अनदेखी कर फर्जी तरीके से एनओसी जारी करने का आरोप लगाते हुए एसडीओं देवली को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में परिवादी हरिशंकर मीणा व भारत सिंह राजपूत समेत आरोप लगाया गया है कि बिना ग्रामसभा की स्वीकृति एवं आवश्यक प्रक्रिया अपनाए निजी लाभ के उद्देश्य से एनओसी जारी की गई है। इधर, मामले को गंभीरता से लेते हुए पंचायत समिति देवली की विकास अधिकारी ने बुधवार को ग्राम पंचायत प्रशासक सत्यनारायण माली को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में राजस्थान संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायत का हवाला देते हुए तीन दिन के भीतर रिकॉर्ड सहित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

साथ ही स्पष्ट किया गया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। एक ही मामले में ग्रामीणों की शिकायत और विकास अधिकारी की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस के बाद ग्राम पंचायत पनवाड़ का यह प्रकरण चर्चा में है।

11 सूत्रीय मांगों पर अड़ी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, केंद्रों पर अनिश्चितकालीन तालाबंदी शुरू

मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, नियमितीकरण, राजकीय कर्मचारी का दर्जा सहित 11 मांगों पर सरकार से शीघ्र निर्णय की मांग


Jahazpur News 16 जुलाई (मोहम्मद आजाद नेब) अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने गुरुवार से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर दिया। आंदोलन के पहले दिन परियोजना क्षेत्र के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर तालाबंदी कर मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।

साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को भी मांगों से अवगत कराया गया। ज्ञापन में बताया गया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं वर्षों से महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर रही हैं, लेकिन लंबित मांगों पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। कई बार शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के बावजूद समाधान नहीं होने पर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। कार्यकर्ताओं ने बताया कि मांगें पूरी होने तक परियोजना क्षेत्र के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर तालाबंदी और धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। आंदोलन के चलते केंद्रों की नियमित गतिविधियां भी प्रभावित होंगी।

ज्ञापन में नियमितीकरण, राजकीय कर्मचारी का दर्जा, पेंशन व्यवस्था लागू करने, पदोन्नति, सेवा नीति में संशोधन, अतिरिक्त एवं ऑनलाइन कार्यों से मुक्ति, समय पर मानदेय भुगतान, प्रत्येक माह की 5 तारीख तक वेतन जारी करने, कार्यकर्ताओं का मानदेय 28 हजार रुपए तथा सहायिकाओं का 25 हजार रुपये करने और विद्यालयों की तर्ज पर ग्रीष्मकालीन व शीतकालीन अवकाश देने सहित 11 सूत्रीय मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा तथा अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।

ईशु छोड़ गया मुस्कान, सरलता और सादगी थी पहचान


Deoli News 16 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बनास नदी में कूदने के बाद तीसरे दिन एसडीआरएफ की ओर से बरामद किए गए राजकीय उप जिला अस्पताल देवली के संविदा रेडियोग्राफर ईशु शर्मा की मौत का अस्पताल के स्टाफ और परिचितों के लिए गहरा सदमा बन गया।

करीब 25 वर्ष की उम्र में ईशु ने अपने सरल स्वभाव और जिम्मेदार कार्यशैली से सभी के बीच पहचान बनाई थी। अस्पताल से जुड़े कर्मचारियों ने बताया कि ईशु पिछले करीब एक वर्ष से उप जिला अस्पताल देवली में संविदा रेडियोग्राफर के रूप में कार्यरत था। हाल ही में उसने एक वर्ष पूरा होने पर एक्स-रे विभाग के साथियों को पार्टी भी दी थी। वह अपने कार्य के प्रति हमेशा सजग और जिम्मेदार रहता था तथा मरीजों की सेवा को प्राथमिकता देता था। सहकर्मियों के अनुसार ईशु मिलनसार व्यक्तित्व का धनी था। उसके चेहरे पर हमेशा मुस्कान रहती थी और वह सभी के साथ आत्मीय व्यवहार करता था। यही बात अस्पताल प्रभारी डॉ. रविराज सिंह ने भी बुधवार को कही थी। उसकी असमय मौत की खबर से अस्पताल परिवार और परिचित स्तब्ध है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह अविवाहित था। व्यक्तिगत कारणों से तनाव की आशंका जताई जा रही है, हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की जांच पुलिस कर रही है।

संबंधित खबर:-

बनास नदी से तीसरे दिन सामने आई सच्चाई, एसडीआरएफ का सर्च अभियान

23 जुलाई से बालाजी मंदिर में शुरू होगा अखंड रामायण पाठ


Deoli News 16 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के श्रीगंगागुरिया बालाजी मंदिर में आगामी 23 जुलाई से अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ होगा। आयोजन से जुड़े हुकुमचंद टेलर ने बताया कि मंदिर परिसर में होने वाला यह धार्मिक आयोजन शिखर निर्माण के सहयोगार्थ किया जा रहा है।

आयोजन को लेकर शिखर निर्माण समिति की बैठक में तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। समिति अध्यक्ष सुरेन्द्र जिंदल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अखंड रामायण पाठ के सफल आयोजन के लिए अलग-अलग दायित्व दिए गए। आयोजन की तैयारियां चल रही हैं और मंदिर परिसर में व्यवस्थाएं की जा रही हैं। समिति ने श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में आयोजन में शामिल होकर धर्मलाभ अर्जित करने की बात कही है। साथ ही रामायण पाठ कराने के इच्छुक श्रद्धालुओं से अपनी बुकिंग कराने को कहा है है। उक्त आयोजन शिखर निर्माण समिति के तत्वावधान में होगा।

इसे लेकर बोयड़ा गणेश जी मंदिर में पं यतेंद्र जोशी ने विधिवत पूजा अर्चना कराई और प्रथम पूज्य को निमंत्रण दिया। टेलर ने बताया कि अखंड रामायण शिखर पर कलश चढ़ाने तक जारी रहेगा।

“वर्षा” के हाथ’, इनर व्हील क्लब का साथ”

नई कार्यकारिणी घोषित, महिला सशक्तिकरण पर फोकस


Deoli News 16 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में संचालित महिला सेवा संस्था इनर व्हील क्लब देवली की वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। आयोजित बैठक में वर्षा मंगल पत्नी रोहित मंगल को क्लब का नया अध्यक्ष चुना गया। जिनका क्लब के अन्य सदस्यों ने अभिनंदन किया।

नई कार्यकारिणी में वर्षा जैन को उपाध्यक्ष, शेफाली मंगल को सचिव, श्वेता सिंहल को कोषाध्यक्ष, अलका अग्रवाल को (आईएसओ) अंतरराष्ट्रीय, मनीषा अग्रवाल (सीसी) को क्लब समन्वयक तथा परिधि विजयवर्गीय को ई-एडमिन प्रभारी मनोनीत किया गया। अध्यक्ष वर्षा मंगल ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्लब आगामी वर्ष में महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सेवा से जुड़े जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को प्राथमिकता देगा।

बैठक में वरिष्ठ अध्यक्ष सोनू चौधरी, ज्योति मंगल, मनाली गुप्ता, सुरभि जैन, सुनीता गुप्ता, जिया सुवालका, गुणमाला अग्रवाल, मुन्नी देवी शर्मा, ज्योति जैन, शिल्पा कंछल और नेहा अग्रवाल सहित क्लब की सदस्याएं उपस्थित रहीं।

बनास नदी से तीसरे दिन सामने आई सच्चाई, एसडीआरएफ का सर्च अभियान

लगातार तीन दिन चली तलाश, आखिरकार मिला लापता युवक

Deoli News 16 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पुराने अजमेर मार्ग स्थित नेगड़िया बनास नदी पुलिया से नदी में कूदे युवक का शव गुरुवार सुबह तीसरे दिन एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया। पिछले तीन दिनों से देवली पुलिस और एसडीआरएफ की ओर से लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा था।

बुधवार को दिनभर की मशक्कत के बावजूद टीम को सफलता नहीं मिली थी, लेकिन गुरुवार सुबह अभियान के दौरान युवक का शव नदी से बाहर निकाल लिया गया। पुलिस की जानकारी के अनुसार गत 14 जुलाई को नेगड़िया पुलिया से एक युवक के बनास नदी में कूदने की सूचना मिलने पर देवली थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल सर्च अभियान शुरू किया था। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना के आधार पर लगातार तलाश की जा रही थी, लेकिन दो दिन तक कोई सफलता नहीं मिली।

गुरुवार सुबह अभियान के दौरान नदी से एक शव बरामद हुआ। परिजनों द्वारा पहचान करने पर मृतक की पहचान 25 वर्षीय ईशु शर्मा पुत्र नवरत्न शर्मा निवासी निवाई हाल संविदा रेडियोग्राफर, राजकीय उप जिला अस्पताल देवली के रूप में हुई। पुलिस ने शव को देवली अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम कराया। उक्त युवक के होने का पूर्व में अंदेशा भी व्यक्त किया गया था, जो सही साबित हुआ। बाद में शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। मामले में पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। मामले में मृतक के भाई मनीष शर्मा निवासी निवाई ने रिपोर्ट दी है। इसमें बताया कि उसका भाई ईशु गत 14 जुलाई को नदी में गिर गया था। जिसके डूबने से उसकी मौत हुई है।

आचार्य पदारोहण दिवस पर आयोजन गुरुवार को


Deoli News 15 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर एवं धर्मशाला ट्रस्ट में 16 जुलाई को आचार्य वर्धमान सागर के 37वें आचार्य पदारोहण दिवस पर कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अंकित जैन डाबर ने बताया कि कार्यक्रम मुनि वैराग्य सागर एवं मुनि सुप्रभ सागर के सान्निध्य में संपन्न होंगे। इस अवसर पर सुबह 8 बजे संगीतमय गुरु पूजा एवं गुणानुवाद सभा का आयोजन किया जाएगा। आयोजन सकल दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में होगा।

प्रीवियस न्यूज़-:

बैंड-बाजों, पुष्पवर्षा और तोरण द्वारों के बीच हुआ मुनि संघ का स्वागत

निरीक्षण में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के दिए निर्देश


Deoli News 15 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय देवीखेड़ा में बुधवार को अतिरिक्त ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी (प्रथम) रामराय मीणा ने निरीक्षण किया।

 

निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर, कक्षा शिक्षण, विद्यालय प्रबंधन तथा विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता और शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार पर विशेष जोर दिया गया। शिक्षकों को नियमित अध्यापन, गतिविधि आधारित शिक्षण, गृहकार्य, मूल्यांकन एवं विद्यार्थियों की प्रगति पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यालय में स्वच्छता, अनुशासन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने पर भी बल दिया गया।

ट्रेलर की टक्कर से देवली निवासी युवक की मौत, पत्नी घायल


Deoli News 15 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) अजमेर जिले के नसीराबाद ट्रांसपोर्ट नगर के पास बुधवार को ट्रेलर की टक्कर से देवली निवासी मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर मौत हो गई।

जबकि उसकी पत्नी घायल हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। नसीराबाद सदर थाना पुलिस के अनुसार देवली निवासी सुरेश रेगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका चचेरा भाई 30 वर्षीय ओमप्रकाश पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से देवली से माखुपुरा (अजमेर) काम के सिलसिले में जा रहा था। नसीराबाद ट्रांसपोर्ट नगर के निकट तेज गति से आए ट्रेलर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में ओमप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी घायल हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

स्कूलों की समस्याओं को लेकर सड़क पर उतरे संचालक और शिक्षक

जुलूस निकाल मुख्यमंत्री के नाम एसडीओं को सौंपा ज्ञापन


Deoli News 15 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) निजी शिक्षण संस्थानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं शिक्षा नीतियों में सुधार की मांग को लेकर बुधवार को देवली-दूनी क्षेत्र के निजी स्कूल संचालक एवं शिक्षक सड़क पर उतर आए। करीब 600 संचालक व शिक्षकों ने देवली में जुलूस निकालकर उपखंड कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

निजी स्कूल संगठन के अध्यक्ष लोकेश जैन के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरटीई के तहत बकाया पुनर्भरण राशि का शीघ्र भुगतान, प्री-प्राइमरी कक्षाओं को भी आरटीई भुगतान के दायरे में शामिल करने तथा शिक्षा संबल योजना के नाम पर निजी विद्यालयों में हो रहे अनावश्यक प्रशासनिक हस्तक्षेप पर रोक लगाने की मांग की गई। साथ ही निजी विद्यालयों से जुड़ी अन्य समस्याओं का भी शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई गई।

ज्ञापन में कहा कि निजी शिक्षण संस्थान प्रदेश कीशिक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं, लेकिन नीतिगत विसंगतियों और प्रशासनिक परेशानियों के कारण विद्यालयों के संचालन में कठिनाइयां आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उक्त प्रदर्शन में देवली एवं दूनी क्षेत्र के बड़ी संख्या में निजी विद्यालय संचालक, शिक्षक एवं शिक्षिकाएं शामिल रहे।

“सरकारी आईटीआई में प्रवेश प्रक्रिया शुरू”


Deoli News 15 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) ऊँचा में सत्र 2026-27 के लिए एनसीवीटी योजना के तहत ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है।

सहायक निदेशक (प्रशिक्षण) अवनेश कुमार लुनीवाल ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी राजस्थान सरकार के एकीकृत पोर्टल एसएसओ एवं ई-मित्र कियोस्क के माध्यम से 15 से 23 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु 14 वर्ष निर्धारित है। इलेक्ट्रिशियन, फिटर, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (कोपा), मैकेनिक डीजल तथा आरएसी व्यवसायों में प्रवेश के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण, जबकि वेल्डर व्यवसाय के लिए 8वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। महिला अभ्यर्थियों से किसी भी प्रकार का प्रशिक्षण शुल्क नहीं लिया जाएगा।

बैंड-बाजों, पुष्पवर्षा और तोरण द्वारों के बीच हुआ मुनि संघ का स्वागत

चातुर्मास में धर्म लाभ लेने का संतों ने दिया संदेश


Deoli News 15 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली में मंगलवार को धर्ममय वातावरण में रंग गया, जब मुनि वैराग्य सागर एवं मुनि सुप्रभ सागर का भव्य मंगल प्रवेश बैंड-बाजों, जयघोष और पुष्पवर्षा के बीच धूमधाम से हुआ। इसे लेकर शहर के प्रमुख मार्गों पर आकर्षक तोरण द्वार सजाए गए।

 

Oplus_16908288

श्रद्धालुओं ने जगह-जगह मुनि संघ का स्वागत किया, जबकि सदर बाजार सहित विभिन्न स्थानों पर व्यापारियों एवं समाज के लोगों ने आरती उतारकर अभिनंदन किया। महिलाओं ने मंगल कलश के साथ अगवानी की और श्रद्धालुओं ने पूरे मार्ग में पुष्पवर्षा कर मुनि संघ के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। मंगल प्रवेश यात्रा जहाजपुर चुंगी नाका से प्रारंभ होकर छाया मार्केट, छतरी चौराहा, चंद्रप्रभु जैन मंदिर, सदर बाजार होते हुए महावीर दिगंबर जैन मंदिर एवं धर्मशाला ट्रस्ट पहुंची, जहां मुनि संघ वर्षायोग के लिए विराजमान हुआ। पूरे मार्ग में श्रद्धालु भक्ति और उल्लास के साथ शोभायात्रा में शामिल रहे तथा जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा। धर्मसभा में मुनि सुप्रभ सागर ने कहा कि चतुर्मास केवल साधु का नहीं, बल्कि पूरे नगर और प्रत्येक श्रावक का भी होता है। साधु के पास जाना व्यक्ति का भाग्य, साधु का नगर में आगमन समाज का सौभाग्य और किसी नगर में चतुर्मास का होना महासौभाग्य है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु चतुर्मास के दौरान धर्म, स्वाध्याय, तप, संयम और साधना का अधिकाधिक लाभ लें।

धर्म में लगाया गया थोड़ा-सा समय भी जन्म-जन्मांतर के पापों के क्षय का कारण बनता है। मुनि वैराग्य सागर ने कहा कि मंदिर में विराजमान भगवान के दर्शन प्रतिदिन हो सकते हैं, लेकिन गुरु के दर्शन उनके नगर आगमन पर ही संभव होते हैं। लिहाजा गुरु सान्निध्य का प्रत्येक क्षण अमूल्य है और सभी को इसका लाभ लेना चाहिए। अंकित जैन डाबर ने बताया कि सभा में जानकारी दी गई कि 21 से 29 जुलाई तक मुनि संघ के सान्निध्य में सिद्धचक्र मंडल विधान का आयोजन होगा। वहीं 29 जुलाई को वर्षायोग कलश स्थापना समारोह आयोजित किया जाएगा। लोगों से इन सभी धार्मिक आयोजनों में अधिकाधिक संख्या में सहभागी बनकर धर्म लाभ लेने का कहा गया। मंगल प्रवेश को लेकर समाज के लोगों ने दोपहर 12 बजे तक अपने प्रतिष्ठान बंद रखें।

यहां तक के बच्चे भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इससे पहले महावीर दिगंबर जैन मंदिर एवं धर्मशाला ट्रस्ट में आयोजित “विद्या वैराग्यवर्धन वर्षायोग-2026” के तहत जहाजपुर चुंगी नाका पर ट्रस्ट अध्यक्ष संजय जैन एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने पाद प्रक्षालन कर अगवानी की। मुख्य बाजार में सकल दिगंबर जैन समाज ने स्वागत द्वार सजाकर मुनि संघ का अभिनंदन किया।

महावीर मंदिर पहुंचने पर प्रथम पाद प्रक्षालन का सौभाग्य निहालचंद-दौलत कुमार सेठी परिवार तथा शास्त्र भेंट का सौभाग्य इंद्रमल-अनिल कुमार कासलीवाल परिवार को प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में बूंदी, बेगूं, शाहपुरा, दूनी सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

जांच शिविर में 45 रोगियों की जांच, 13 का होगा मोतियाबिंद ऑपरेशन


Deoli News 15 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जनसेवा समिति देवली एवं सहाय हॉस्पिटल मोती डूंगरी आई रिसर्च सेंटर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में जिला अंधता निवारण समिति जयपुर के आर्थिक सहयोग से पेंशनर भवन में निःशुल्क नेत्र जांच एवं लेंस प्रत्यारोपण चयन शिविर लगा।

समिति अध्यक्ष कानसिंह राणावत ने बताया कि नेत्र विशेषज्ञ डॉ. जाह्नवी गौतम ने शिविर में 45 रोगियों की आंखों की जांच कर परामर्श एवं दवाइयां वितरित कीं। जांच के बाद 13 रोगियों का मोतियाबिंद ऑपरेशन सहाय हॉस्पिटल, मोती डूंगरी, जयपुर में किया जाएगा। शिविर में तकनीकी स्टाफ के साथ रमाकांत सुमन, जितेन्द्र सिंह एवं गोपाल ने सहयोग किया। चयनित रोगियों को जयपुर ले जाने तथा वापस लाने की व्यवस्था भी समिति द्वारा की जाएगी। शिविर संयोजक कन्हैयालाल लुनिवाल ने बताया कि ऑपरेशन के एक माह बाद फॉलोअप शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें रोगियों की आंखों की पुनः जांच कर आवश्यक परामर्श एवं दवाइयां दी जाएगी।