Deoli News 21 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दूनी क्षेत्र के राजकोट गांव में शुक्रवार देर रात अज्ञात चोरों ने मोबाइल टावर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

यहां से चोर टावर से बैटरियां चोरी कर ले गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4 से 5 लाख रुपए बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार वारदात रात करीब 2 बजे की है। चोर सुनसान का फायदा उठाकर टावर परिसर में घुसे और वहां लगी महंगी बैटरियां निकालकर फरार हो गए। सुबह वारदात की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। इस संबंध में महत्वपूर्ण सुराग भी सामने आया है। राजकोट मंदिर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में एक संदिग्ध सफेद रंग की बिना नंबर की पिकअप गाड़ी दिखाई दी है। यह पिकअप रात करीब 2 बजे राजकोट बस स्टैंड से गुजरती हुई नजर आई। बताया जा रहा है कि यह वाहन राजकोट से चांदली माताजी मोड़, निवारिया और धाधोली होते हुए देवली-टोंक मार्ग पर निकल गया।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और वारदात का जायजा लिया। कंपनी के अधिकारियों ने संबंधित थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।


