विशाल भंडारे में हजारों ने पाई प्रसादी
Deoli News 2 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमान जयंती पर शहर के बावड़ी बालाजी मंदिर परिसर में बजरंगबली की विशेष और मनमोहक झांकी सजाई गई। इस अवसर पर शाम को भगवान हनुमान को भोग लगाने के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

जिसमें शहर के हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की। भंडारे के दौरान व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के लिए स्वयंसेवकों तत्परता दिखाई। जहाँ एक ओर श्रद्धालु अनुशासित होकर प्रसादी पा रहे थे, वहीं दूसरी ओर सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और पुरुष अपनी बारी का धैर्यपूर्वक इंतजार करते नजर आए। पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए कड़े इंतजाम किए। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए रोडवेज बस स्टैंड के बाहर वाहनों को रोका गया, वहीं माइक के माध्यम से वॉलिंटियर्स को प्रसादी वितरण और व्यवस्था संबंधी आवश्यक निर्देश दिए जाते रहे। हनुमान जयंती के इस विशेष मौके पर केवल बावड़ी बालाजी ही नहीं, बल्कि शहर और आसपास के सभी हनुमान मंदिरों में उत्सव का माहौल रहा। मंदिरों में विशेष चोला चढ़ाया गया और आकर्षक सजावट की गई।
अलसुबह से ही हनुमान भक्तों ने व्रत रखकर हनुमान चालीसा, हनुमान अष्टक, श्री राम स्तुति और सुंदरकांड का पाठ किया। दिनभर मंदिरों में अंजनी पुत्र के जयकारे गूंजते रहे। शहर के अन्य प्रमुख मंदिर पंचमुखी बालाजी, नेवर बाग बालाजी, गंगागोरिया बालाजी, चिंताहरण बालाजी और पेट्रोल पंप स्थित बालाजी मंदिर में भी विशेष झांकियां सजाई गईं। वहीं देवली गांव स्थित चारभुजानाथ मंदिर में विराजमान हनुमान जी के दर्शनों के लिए भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने पवन पुत्र के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।



