Wednesday, June 3, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeDainik Bureau Deskसर्वाधिक कृषि उपभोक्ताओं वाले चित्तौड़गढ़ जिले में किसानों को दिन में बिजली,...

सर्वाधिक कृषि उपभोक्ताओं वाले चित्तौड़गढ़ जिले में किसानों को दिन में बिजली, टोंक भी शामिल

अब प्रदेश के 26 जिलों में दिन के दो ब्लॉक में बिजली सप्लाई


Desk News 3 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में कृषि उपभोक्ताओं को वर्ष 2027 तक दिन में बिजली उपलब्ध कराने के संकल्प को क्रियान्वित करने के लिए ऊर्जा मंत्री के निर्देशन में प्रदेश के विद्युत वितरण निगम चरणबद्ध रूप से कार्य कर रहे हैं। इसे लेकर सर्वाधिक कृषि उपभोक्ताओं वाले प्रदेश के चित्तौड़गढ़ जिले एवं टोंक जिले के किसानों को भी दिन में दो ब्लॉक विद्युत आपूर्ति से जोड़ दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि चित्तौडगढ़ प्रदेश में कृषि उपभोक्ताओं की सर्वाधिक संख्या वाला जिला है। अजमेर विद्युत वितरण निगम के इस विद्युत सर्किल में 1.01 लाख कृषि उपभोक्ता हैं। वहीं जयपुर डिस्कॉम के टोंक सर्किल में 34 हजार।748 कृषि उपभोक्ता हैं। इससे पहले अप्रैल माह में जयपुर विद्युत वितरण निगम के दौसा एवं करौली जिले इस दायरे में लाए गए थे। इस प्रकार अब प्रदेश के 26 जिलों में किसानों को कृषि कार्य के लिए दिन के दो ब्लॉक में बिजली आपूर्ति सुलभ हो रही है। ऊर्जा सचिव एवं डिस्कॉम्स चेयरमैन आरती डोगरा ने बताया कि जयपुर, जोधपुर एवं अजमेर विद्युत वितरण निगमों तथा प्रसारण निगम द्वारा दो ब्लॉक सप्लाई की बाधाओं को दूर करने को प्राथमिकता दी जा रही है।

जबकि शेष रहे जिलों में भी विद्युत तंत्र तथा ग्रिड को मजबूत किया जा रहा है। ट्रांसमिशन क्षमता एवं लाइनों के विस्तार तथा नए सब स्टेशन की स्थापना के कार्य किए जा रहे हैं। अब दिन में ही बिजली की उपलब्धता होने से किसान सर्दी एवं वर्षा ऋतु की विषम परिस्थितियों में रात्रि के समय सिंचाई करने को मजबूर नहीं हैं और रात्रि में अपने परिवार के साथ समय व्यतीत कर पा रहे हैं।

यह 26 जिले जुड़े दो ब्लॉक सप्लाई से

डोगरा ने बताया कि अजमेर डिस्कॉम के 14 में से 13, जयपुर विद्युत वितरण निगम के 15 में से 10 तथा जोधपुर वितरण निगम के 12 में से 3 जिलों में कृषि क्षेत्र को दिन में दो ब्लॉक में बिजली उपलब्ध हो रही है।

अजमेर डिस्कॉम के अजमेर, ब्यावर, भीलवाड़ा, डीडवाना-कुचामन, उदयपुर, सलूम्बर, प्रतापगढ़, राजसमंद, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, झुन्झुनूं, सीकर एवं चित्तौड़गढ़, जयपुर डिस्कॉम के धौलपुर, बूंदी, कोटा, झालावाड़, जयपुर, डीग, भरतपुर, दौसा, करौली एवं टोंक तथा जोधपुर डिस्कॉम के जालौर, सिरोही एवं पाली जिलों में यह आपूर्ति मिल पा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

%d