Deoli News 30 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली से रविवार सुबह जैन धर्म के प्रमुख तीर्थस्थल तीर्थराज सम्मेद शिखरजी के लिए णमोकार मंडल के तत्वावधान में 151 यात्रियों का संघ रवाना हुआ।
संघ में 5 वर्ष से 90 वर्ष तक के श्रद्धालु शामिल हैं। यात्री बस से जयपुर पहुंचेंगे और वहां से ट्रेन द्वारा 31 अगस्त को दोपहर करीब एक बजे सम्मेद शिखरजी पहुंचेंगे। णमोकार मंडल के धर्मचंद जैन एवं ओमप्रकाश जैन ने बताया कि संघ पांच दिन तक सम्मेद शिखरजी में रहकर विधान एवं पर्वत वंदना करेगा तथा 5 सितंबर को वहां से पुनः देवली के लिए रवाना होगा। उन्होंने बताया कि झारखंड के गिरिडीह जिले में स्थित सम्मेद शिखरजी, जिसे पारसनाथ पर्वत भी कहा जाता है, जैन धर्म का अत्यंत पवित्र सिद्धक्षेत्र है। विकास जैन ने बताया कि पर्वत की चढ़ाई, टोंक वंदना एवं उतरने सहित यात्रा लगभग 27 किलोमीटर की होती है।
यात्रा से पहले णमोकार मंडल के सदस्यों ने देवली में चातुर्मास कर रहे मुनि वैराग्य सागर एवं मुनि सुप्रभ सागर महाराज से संघ की यात्रा के लिए आशीर्वाद लिया।


