पीएम मोदी के ‘मेलोडी’ ट्रेंड का दिखा असर
Deoli News 24 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में 23 और 24 मई को कोटा रोड स्थित कानगढ़ पैलेस में आयोजित पं दीनदयाल प्रशिक्षण शिविर में एक अनोखा और मिठास भरा नजारा देखने को मिला।
भारतीय जनता पार्टी के इस दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में पहले दिन मेलोडी चॉकलेट आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी रही। शिविर के दौरान न केवल अनुशासन और वैचारिक मंथन पर जोर दिया गया, बल्कि यहां प्रशिक्षण के लिए पहुंचे बड़े नेताओं, मंत्रियों और विशिष्ट अतिथियों का मुंह मेलोडी चॉकलेट खिलाकर मीठा कराया गया। पार्टी के कार्यकर्ताओं में भी इस चॉकलेट का वितरण किया गया, सभी कार्यकर्ताओं को मेलोडी चॉकलेट खिलाकर उनका अभिनंदन किया। दरअसल इस विशेष आयोजन के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया एक वैश्विक ट्रेंड है। दरअसल, गत 20 मई को अपनी इटली यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को मेलोडी चॉकलेट का पैकेट भेंट किया था।
वहीं रोम में आयोजित एक मुलाकात के दौरान पीएम मोदी और मेलोनी के इस ‘चॉकलेट डिप्लोमेसी’ वाले वीडियो ने इंटरनेट पर धमाल मचा दिया था। सोशल मीडिया पर दोनों नेताओं के नाम को जोड़कर बने ‘Melodi’ (Modi + Meloni) हैशटैग और मेलोडी चॉकलेट के मशहूर विज्ञापन “मेलोडी इतनी चॉकलेटी क्यों है?” के कारण यह एक बड़ा ट्रेंड बन गया। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अंतरराष्ट्रीय मंच पर शुरू किए गए इसी ‘मेलोडी’ ट्रेंड का असर अब देवली के भाजपा प्रशिक्षण शिविर में भी साफ तौर पर देखने को मिला, जिसने राजनीतिक कार्यक्रम में उत्साह और मिठास का तड़का लगा दिया। दरअसल इस ट्रेंड के पीछे पीएम मोदी की भावना स्वदेशी को बढ़ावा देना भी सामने आई है।



