Deoli News 22 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) टोंक-देवली राजमार्ग पर रविवार रात को हुए एक सड़क हादसे में 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जूनिया गांव में स्थित एक फार्म हाउस पर रखवाली करने वाले रमेश भील की बोलेरो कार की चपेट में आने से जान चली गई।
एएसआई रणजीत सिंह ने बताया कि मृतक रमेश भील पुत्र गोपी, जो मूल रूप से टोडारायसिंह क्षेत्र के बनेडिया चारणान का निवासी था, पिछले 8-10 वर्षों से जूनिया में फार्म हाउस पर काम कर रहा था। रविवार शाम करीब 7:30 बजे रमेश देवड़ावास जाने के लिए जूनिया मोड़ पर खड़ा था। इसी दौरान देवली की तरफ से तेज रफ्तार में आई बोलेरो कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बोलेरो चालक और उसमें सवार लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल रमेश को तुरंत दूनी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक के भाई की रिपोर्ट पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे ने एक गरीब परिवार की खुशियां छीन ली हैं। मृतक रमेश अपने पीछे 15 वर्षीय बेटी और 8 वर्षीय बेटे को छोड़ गया है, जो जूनिया के सरकारी विद्यालय में पढ़ते हैं। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।


