Deoli News 22 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) कार्यालय खण्ड मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को विभागीय कार्यों के सुचारू संचालन के लिए टैबलेट वितरित किए गए।
खण्ड मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष लोधी के निर्देशन में ब्लॉक डॉट्स सुपरवाइजर खेमराज चौधरी द्वारा सभी टैबलेट में निक्षय ऐप डाउनलोड करवाया गया तथा उसके उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। इन टैबलेट के माध्यम से अब निक्षय (टीबी) कार्यक्रम, एनसीडी (गैर-संचारी रोग) कार्यक्रम, मौसमी बीमारियों की ऑनलाइन रिपोर्टिंग, ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन सेवा, तथा अन्य विभागीय ऑनलाइन कार्य अधिक सरल, तेज एवं प्रभावी ढंग से किए जा सकेंगे।
इससे मरीजों का डेटा प्रबंधन, ऑनलाइन परामर्श, रिपोर्टिंग एवं मॉनिटरिंग में सुविधा मिलेगी तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। कार्यक्रम में मीनाक्षी साहू, रासबिहारी शर्मा, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर रणजीत सिंह सहित सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।




