पंजाब निर्मित 1500 कर्टन अवैध शराब बरामद, कंटेनर जब्त
Deoli News 6 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवली थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) टोंक ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपए बताई जा रही है। देवली डीएसपी मदनलाल ढाका ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक टोंक रोशन मीणा के निर्देशन व इनके निर्देशन में डीएसटी प्रभारी ओमप्रकाश और देवली थानाधिकारी प्रीति रत्नू के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 5 अक्टूबर को कंटेनर नंबर (RJ 19 जीएफ 7361) को रुकवाकर जांच की गई। तलाशी लेने पर कंटेनर में पंजाब निर्मित विभिन्न ब्रांड्स की अवैध अंग्रेजी शराब के करीब 1500 कार्टन भरे मिले। शराब को कंटेनर में इस तरह छिपाकर रखा गया था, ताकि बाहर से सामान्य माल परिवहन का भ्रम हो।
पुलिस ने कंटेनर से ऑल सीजंस, रॉयल स्टैग और रॉयल चैलेंज ब्रांड की शराब बरामद की। इसमें 360 कार्टन में 4,320 बोतलें, 293 कार्टन में 3,516 हाफ तथा 847 कार्टन में 40,656 पव्वे मिले।
पुलिस ने शराब सहित कंटेनर को जब्त कर लिया है। मामले में पुलिस ने चालक हीराराम पुत्र मोटाराम जाट (उम्र 27 वर्ष), निवासी साजटा, थाना सदर बाड़मेर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। कार्रवाई में देवली थाना पुलिस टीम के साथ डीएसटी टोंक की टीम शामिल रही।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
उक्त कार्रवाई में थाना देवली टीम से थानाधिकारी प्रीति, सहायक उप निरीक्षक इमरान, भारत सिंह, बजरंग व राजेश, हेड कांस्टेबल अभिषेक व राजाराम, कांस्टेबल धारा सिंह, हुकमनाथ, दीपक, रामकिशन, हरीश तथा चालक कांस्टेबल प्रभुलाल व डीएसटी टीम टोंक टीम से प्रभारी ओमप्रकाश समेत शामिल थे।



