Friday, November 20, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeDainik Bureau Deskपंचायत चुनाव में हार के बाद भाजपा के भीतर उठे सवाल, क्या...

पंचायत चुनाव में हार के बाद भाजपा के भीतर उठे सवाल, क्या यह परिणाम आंख खोलने वाला होगा?

देवली-उनियारा में कांग्रेस की वापसी, परिणामों को भाजपा कार्यकर्ता बता रहे जमीनी हकीकत और संगठन के लिए चेतावनी

@आशीष बागड़ी


Deoli News 20 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र में पंचायत चुनाव के परिणाम भाजपा के लिए बड़ा झटका साबित हुए हैं। चुनाव में कांग्रेस की मजबूत वापसी के बाद अब भाजपा के भीतर भी हार को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर पार्टी के कई कार्यकर्ता खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।

कहीं इन परिणामों को जमीनी हकीकत बताया जा रहा है, तो कहीं संगठन और उच्च स्तर पर बैठे नेताओं के लिए आंखें खोलने वाला संदेश करार दिया जा रहा है। देवली पंचायत समिति में कांग्रेस ने 15 सीटों पर जीत हासिल कर पूर्ण बहुमत प्राप्त किया, जबकि भाजपा महज 6 सीटों पर सिमट गई। इसी तरह उनियारा पंचायत समिति में भी कांग्रेस ने 14 सीटों के साथ बहुमत हासिल किया, जबकि भाजपा को यहां भी 6 सीटों पर संतोष करना पड़ा। दोनों पंचायत समितियों में कांग्रेस का बहुमत होने से क्षेत्र में प्रधान पद भी कांग्रेस के खाते में जाने की स्थिति बन गई है।

सोशल मीडिया पर जाहिर हुई नाराजगी

जिला परिषद के चुनाव परिणामों में भी कांग्रेस ने मजबूत प्रदर्शन करते हुए बहुमत हासिल किया है। इन परिणामों के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच नाराजगी सोशल मीडिया पर सामने आने लगी है। पार्टी के एक पूर्व जिला स्तरीय पदाधिकारी ने परिणामों को आंख खोलने वाला बताते हुए टिप्पणी की कि संगठन में चाटुकारिता को महत्व देने के बजाय जमीनी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। कई कार्यकर्ताओं ने टिकट वितरण प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि संगठन में वास्तविक जनाधार रखने वाले लोगों की अनदेखी की गई और पसंदीदा लोगों को प्राथमिकता दी गई। कुछ कार्यकर्ताओं ने संगठन के निर्णयों को भी निशाने पर लेते हुए टिकट वितरण में कथित पक्षपात तथा चाटुकारिता को महत्व देने की बात कही।

सोशल मीडिया पर सामने आ रही टिप्पणियों में यह संदेश भी दिया जा रहा है कि जनता किसी की बंधी हुई नहीं है और चुनाव में वह अपने विवेक से फैसला करती है। कार्यकर्ताओं की नाराजगी केवल हार तक सीमित नहीं दिखाई दे रही, बल्कि इसके पीछे संगठन की कार्यशैली, स्थानीय नेतृत्व, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और जनता के बीच पार्टी की पकड़ को लेकर असंतोष भी झलक रहा है। पंचायत चुनाव के परिणामों ने देवली-उनियारा क्षेत्र में राजनीतिक समीकरण बदलने का संकेत दिया है। दोनों पंचायत समितियों में कांग्रेस की जीत और जिला परिषद में मजबूत प्रदर्शन को कांग्रेस अपनी वापसी के रूप में देख रही है, वहीं भाजपा के लिए यह परिणाम आत्ममंथन का अवसर है। चुनाव में जीत और हार केवल सीटों का गणित नहीं होती, बल्कि यह जनता के मन में चल रहे विचारों, स्थानीय मुद्दों और संगठन की सक्रियता का भी प्रतिबिंब होती है।

भाजपा के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती इस नाराजगी को समझने और संगठन में सुधार करने की है। यदि कार्यकर्ताओं की आवाज को केवल चुनावी हार तक सीमित मानकर नजरअंदाज किया गया, तो आने वाले समय में इसका असर पार्टी की राजनीतिक स्थिति पर पड़ सकता है।

क्या यह आगामी में विधानसभा चुनाव के संकेत है?

पंचायत चुनाव के परिणामों को कार्यकर्ता जिस तरह जमीनी संदेश बता रहे हैं, वह आगामी विधानसभा चुनावों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा सकता है। राजस्थान की राजनीति में सत्ता का एक बार कांग्रेस और एक बार भाजपा के बीच बदलता क्रम अक्सर चर्चा में रहता है। ऐसे में देवली-उनियारा के पंचायत चुनाव परिणाम भाजपा के लिए चेतावनी की तरह हैं। अब देखना यह कि पार्टी इन परिणामों से सबक लेकर संगठनात्मक बदलाव, कार्यकर्ताओं को सम्मान और स्थानीय स्तर पर नेतृत्व को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाती है या फिर यह नाराजगी आने वाले चुनावों तक भी बनी रहती है।

भाजपा की यही माली हालत अन्य जिलों में भी देखी गई। जहां भाजपा को हार का सामना देखना पड़ रहा है। 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here