स्वच्छ छवि वाले दावेदारों को टिकट की पैरवी
Deoli News 5 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पंचायत राज चुनाव की तैयारियों को लेकर रविवार को कांग्रेस कार्यालय देवली में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक आयोजित हुई। टोंक-सवाई माधोपुर सांसद हरीशचंद्र मीणा ने बैठक में कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में जुटने को कहा।
उन्होंने भाजपा सरकार पर ढाई साल के कार्यकाल में विकास कार्य नहीं कराने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा के खिलाफ जनता में नाराजगी है। सांसद ने कहा कि भाजपा पंचायत राज चुनाव को लेकर डरी हुई है, जिसके चलते चुनाव को आगे खिसकाने का प्रयास किया गया। उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा सरकार के कामकाज से परेशान है और आने वाले पंचायत राज चुनाव में कांग्रेस को समर्थन देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सभी जाति और धर्म के लोगों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है तथा जनता अब कांग्रेस की ओर उम्मीद से देख रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव का मंत्र देते हुए कहा कि क्षेत्र में सर्वे कर स्वच्छ छवि, योग्य और जनता के बीच स्वीकार्य लोगों को टिकट दिलाने के लिए नाम आगे बढ़ाए जाएं। कार्यकर्ताओं की एकजुटता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी जिसे भी टिकट दे, सभी कार्यकर्ता उसके साथ खड़े होकर उसे जिताने का काम करें।
सांसद ने नगर पालिका चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस को कांग्रेस के ही भीतरघात के कारण नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि टिकट किसी एक व्यक्ति को ही मिलना है। यदि किसी कार्यकर्ता को पार्टी के निर्णय से असहमति है तो वह खुलकर अपनी बात रखे, लेकिन भीतरघात नहीं करे। खासकर ऐसे लोगों से सावधान रहे जो दिन में कहां, शाम को कहीं और तथा रात को अलग ही जगह बैठते हो। सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कराएंगे तो कांग्रेस की जीत को कोई नहीं रोक सकता।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे पार्टी को मजबूत बनाएं और पंचायत राज चुनाव में कांग्रेस के प्रधान एवं जिला प्रमुख बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटें। सांसद ने दावा किया कि आगामी चुनाव में जनता भाजपा सरकार को जवाब देगी और कांग्रेस को जीत दिलाएगी।


