तकनीकी रूप से बनाने की मांग
Deoli News 22 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर की मुख्य प्रवेश सड़क जयपुर रोड के निर्माण एवं मरम्मत कार्य की गुणवत्ता को लेकर नवनिर्वाचित पार्षदों और भाजपा नेताओं ने नाराजगी जाहिर की है। इसे लेकर शनिवार को भाजपा नेताओं ने मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया।
दरअसल यहां करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी और 9 करोड़ रुपए की लागत से बनी इस सड़क के कई बार क्षतिग्रस्त होने के बाद नवनिर्वाचित नगरपालिका पार्षदों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता की बात कही। निरीक्षण के दौरान पार्षदों ने सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों को देखते हुए कहा कि सड़क की मरम्मत दो बार कराई जा चुकी है, लेकिन कुछ समय बाद यह फिर से टूट गई। उन्होंने मरम्मत कार्य में मिट्टी, गिट्टी और डामर के उपयोग तथा कुछ स्थानों पर सीमित खुदाई किए जाने पर भी सवाल उठाए। पार्षदों का कहना है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि बार-बार मरम्मत की नौबत नहीं आए। इसे लेकर निर्माण से जुड़े कर्मचारियों को निर्देश दिए गए।
पार्षदों ने बताया कि सड़क निर्माण की पांच वर्ष की डिफेक्ट लायबिलिटी अवधि है। ऐसे में क्षतिग्रस्त हिस्सों की तकनीकी जांच कर निर्धारित मानकों के अनुसार मरम्मत कराने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जहां सड़क अधिक क्षतिग्रस्त है, वहां पर्याप्त खुदाई कर मजबूत आधार तैयार करने के बाद गिट्टी और डामर से व्यवस्थित तरीके से मरम्मत की जाए। इस दौरान भाजपा नेता तनसुख बैरवा, पार्षद कुलदीप चौधरी, विनोद साहू, भाजपा नेता गोपाल मित्तल, राजू सरकार, अमित गौतम सहित अन्य मौजूद थे।



