वीसी रूम में हुआ प्रशिक्षण एवं प्रबोधन कार्यक्रम
Deoli News 10 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पंचायतीराज आम चुनाव के मद्देनजर शनिवार को पंचायत समिति सदस्य एवं जिला परिषद सदस्य पदों के प्रत्याशियों के लिए प्रशिक्षण एवं प्रबोधन कार्यक्रम का आयोजन पंचायत समिति देवली के वीसी रूम में किया गया।

कार्यक्रम में तहसीलदार देवली रमेशचंद पहाड़िया, विकास अधिकारी बलराम मीणा सहित दक्ष प्रशिक्षक गिरिराज जोशी एवं सुनील जैन मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षक गिरिराज जोशी एवं सुनील जैन ने भावी प्रत्याशियों को चुनाव प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने नाम निर्देशन पत्र भरने की प्रक्रिया, आवेदन के साथ प्रस्तुत किए जाने वाले आवश्यक दस्तावेजों तथा नामांकन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से समझाया। प्रशिक्षकों ने प्रत्याशियों को निर्वाचन संबंधी नियमों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए निर्देशों का सावधानीपूर्वक पालन करने पर जोर दिया, ताकि नाम निर्देशन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्य पदों के प्रत्याशियों को चुनाव प्रक्रिया के प्रति जागरूक कर नामांकन संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना रहा।


