Wednesday, November 25, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeCrime Newsदेवली के बावड़ी बालाजी मंदिर चोरी का खुलासा, 19 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

देवली के बावड़ी बालाजी मंदिर चोरी का खुलासा, 19 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

मंदिर से चांदी के छत्र व मुकुट चोरी करने का आरोप, आरोपी के खिलाफ 13 मुकदमे दर्ज


Deoli News 25 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के बावड़ी बालाजी मंदिर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मंदिर से चांदी के छत्र और मुकुट चोरी करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी बताया गया है, जिसके आपराधिक रिकॉर्ड में टोंक सहित विभिन्न जिलों के थानों में कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं।

चोरी की वारदात के बाद आरोपी पुलिस से बचने के लिए अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रह रहा था। थाना प्रभारी प्रीति रत्नू के अनुसार गत 18 नवंबर को बावड़ी बालाजी मंदिर से अज्ञात चोर चांदी के छत्र चोरी कर ले गए थे। घटना की रिपोर्ट पर देवली थाने में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। पुलिस अधीक्षक टोंक रोशन मीणा के निर्देशन तथा मदन ढाका देवली पुलिस उप अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी देवली के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर चोरी की वारदात का खुलासा करने के निर्देश दिए गए। अनुसंधान के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा स्थानीय स्तर पर पूछताछ, संदिग्धों की निगरानी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच में सामने आया कि आरोपी मोग्या जाति का होने के कारण स्थायी आवास पर नहीं रहता तथा वारदात के बाद अलग-अलग स्थानों पर जंगलों में छिपकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था।

पुलिस ने आरोपी को राजमहल थाना क्षेत्र के दूनी की पहाड़ियों के पास से डिटेन किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुशीराम उर्फ अंकेश पुत्र रतनलाल मोग्या निवासी चराई, थाना सदर जिला टोंक के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी किए गए चांदी के छत्रों की बरामदगी तथा उसके अन्य साथियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी से विस्तृत पूछताछ जारी है और जिले सहित अन्य जिलों में हुई चोरी की वारदातों के संबंध में भी अनुसंधान किया जा रहा है।

यह है आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस की जानकारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ कुल 13 मुकदमे दर्ज होना बताया गया है। इनमें टोंक के सदर थाने में वर्ष 2022 के बिजली चोरी से संबंधित चार मामले, वर्ष 2024 में एक मामला और वर्ष 2025 में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है।

इसके अलावा बूंदी जिले के नैनवां थाने में बिजली चोरी एवं अन्य धाराओं के दो मामले, सवाई माधोपुर जिले के नांगल राजावतान थाने में चोरी का मामला, अजमेर जिले के पुष्कर, पीसांगन एवं गेगल थानों में चोरी और बिजली चोरी से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस की जानकारी के अनुसार आरोपी को पकड़ने में सहायक उप निरीक्षक अब्दुल वहाब, पुलिसकर्मी इस्माइल, हुकुमनाथ का मुख्य सहयोग रहा है। जिन्होंने आरोपी की मुखबिरी से लेकर आरोपी को गिरफ्तार करने तक सहयोग किया। पुलिस ने आरोपी की बाइक भी बरामद की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here