Deoli News 30 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में रविवार को सांवरिया सेठ की पहली पदयात्रा धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ निकाली गई। पदयात्रा समिति के अध्यक्ष संपत सुवालका ने बताया कि पदयात्रा सुबह विवेकानंद कॉलोनी स्थित बाबा रामदेव मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद रवाना हुई।

इसमें दर्जनों महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पदयात्रा विवेकानंद कॉलोनी से शुरू होकर शहर के ममता सर्कल, छतरी चौराहा, जहाजपुर चुंगीनाका बहोते हुए मुख्य बाजार एवं शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। इस दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पदयात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। पदयात्रा के साथ हनुमानजी, राधा-कृष्ण, भगवान शिव सहित विभिन्न देवी-देवताओं की सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। नंदी बाबा की झांकी भी पदयात्रा के साथ चल रही थी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पदयात्रियों के लिए अल्पाहार एवं फलों की व्यवस्था की गई। पदयात्रा के दौरान पूरे शहर में धार्मिक माहौल बना रहा। शाम को सांवरिया सेठ मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा प्रसादी ग्रहण की। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी पाई।

पदयात्रियों ने मंदिर पहुंचकर ध्वज चढ़ाया और सांवरिया सेठ के जयकारों के साथ धार्मिक यात्रा का समापन किया। उल्लेखनीय है कि देवली में सांवरिया सेठ की यह पहली पदयात्रा आयोजित की गई है। वर्तमान में सांवरिया सेठ भगवान शिव मंदिर परिसर में विराजमान हैं, जो जयपुर विद्युत वितरण निगम कार्यालय में स्थित है। भगवान सांवरिया सेठ का भव्य मंदिर इसी कार्यालय के सामने स्थित खाली भूखंड पर निर्माणाधीन है।



