Deoli News 1 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दूनी का मंगलवार को मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने अवलोकन कर आवश्यक निर्देश दिए। शर्मा सुबह 7:15 बजे प्रार्थना सभा में पहुंचे और छात्र-छात्राओं से रूबरू होकर उनकी सोच एवं उद्देश्यों की जानकारी ली।

उन्होंने स्टाफ बैठक लेकर पीएम श्री योजना के तहत विद्यालय में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली। पीएमसी प्रभारी सुरेंद्र सिंह नरुका ने बताया कि सीडीईओं विद्यार्थियों से कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी प्राप्त करना नहीं, बल्कि जीवन का सर्वांगीण विकास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार और स्वास्थ्य भी बेहद आवश्यक हैं। संस्कारों के अभाव को युवा पीढ़ी में बढ़ती नशाखोरी, आत्महत्या, अस्वच्छता और खराब स्वास्थ्य जैसी समस्याओं से जोड़ते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अच्छे स्वास्थ्य, संस्कार और राष्ट्रवाद की भावना के साथ ही वर्ष 2047 में विकसित भारत की कल्पना साकार हो सकती है।
इस दौरान उन्होंने प्रश्नोत्तर के माध्यम से विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। यहां प्रधानाचार्य शांतिलाल शर्मा, सीमा शेर समेत विद्यालय स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


