Deoli News 1 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) श्रीसांवरिया सेठ एवं सिंगोली श्याम की 11 वी पदयात्रा मंगलवार को शहर के बावड़ी बालाजी मंदिर परिसर से पूजा-अर्चना के बाद रवाना हुई।
इस दौरान निवर्तमान पालिका अध्यक्ष नेमीचंद जैन, कांग्रेस नेता भीमराज जैन, पालिका उपाध्यक्ष सौरभ जिंदल ने हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया। पदयात्रा समिति के मुख्य प्रबंधक ओमप्रकाश माहेश्वरी ने बताया कि यात्रा रवाना होने से पूर्व बावड़ी बालाजी मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने ध्वज लेकर पदयात्रा की शुरुआत की। इस दौरान सांवरिया सेठ के भजनों पर महिलाएं नाचते-गाते हुए यात्रा में शामिल हुईं। श्रद्धालुओं के परिजन भी उन्हें शहर से बाहर तक विदा करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि पदयात्रा 9 सितंबर को सांवरिया सेठ पहुंचेगी। इससे पूर्व जन्माष्टमी का पर्व हर वर्ष की तरह सिंगोली श्याम में मनाया जाएगा।
इस दौरान राधेश्याम मालू, भंवरलाल सेन, गणराज गुर्जर, मनीष अरोड़ा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इसी तरह श्री सांवरिया सेठ एवं सिंगोली श्याम की दूसरी पदयात्रा, जो 32वीं पदयात्रा है, शहर के बाबा रामदेव मंदिर से पूजा-अर्चना के बाद रवाना हुई। पदयात्रा में कई श्रद्धालु शामिल हुए। पदयात्रा समिति के अध्यक्ष शिवराज तेली ने बताया कि यात्रा में सांवरिया सेठ की झांकी भी सजाकर साथ ले जाई गई है।
यह पदयात्रा भी 9 सितंबर को सांवरिया सेठ पहुंचकर अपनी यात्रा पूर्ण करेगी। यह यात्रा भी सिंगोली श्याम में जन्माष्टमी पर्व मनाएगी।


