Deoli News 2 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के मानव धर्म बहु दिव्यांगता विद्यालय एवं मानसिक विमंदित पुनर्वास गृह में विशेष बच्चों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बुधवार को पौधारोपण किया।
बच्चों ने माताओं और प्रकृति के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए फलदार एवं छायादार पौधे लगाए। मूक-बधिर एवं मानसिक विमंदित बच्चों ने शिक्षकों और सहायकों के मार्गदर्शन में मिट्टी तैयार करने, पौधे लगाने और पानी देने में उत्साह से भाग लिया। बच्चों और स्टाफ ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें विकसित करने की सामूहिक जिम्मेदारी ली। संस्थान निदेशक रणवीर सिंह चौहान ने कहा कि मां और प्रकृति दोनों ही जीवनदायिनी हैं।
उन्होंने कहा कि अभियान बच्चों में प्रकृति के प्रति आत्मीयता और संवेदनशीलता विकसित करने का माध्यम है। इसी तरह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डाबर कला में शिक्षा अधिकारियों ने औचक निरीक्षण किया। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अर्जुन लाल बुनकर, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अरुण कुमार एवं प्रशासनिक अधिकारी शंकर लाल चौधरी ने विद्यार्थियों को अच्छे अंक लाने की तकनीक बताई और मिड डे मील का स्वाद चखा। विद्यालय परिसर की साफ-सफाई देखकर अधिकारियों ने प्रसन्नता जताई तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत करीब 15 पौधे लगाए।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य चंद्रपाल सिंह शक्तावत, उप प्रधानाचार्य गुलअफशा, आशा मीणा, प्रभारी खेमराज मीणा, सुधीर चौधरी, संतोष वर्मा, नरेंद्र पेडवाल, रामरतन कुमावत एवं मनोहर कुमावत सहित शिक्षक मौजूद थे।


