Deoli News 2 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमाननगर थाना पुलिस ने मंगलवार को शिक्षण संस्थान के पास तेज आवाज में म्यूजिक सिस्टम बजाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने और कोलाहल अधिनियम का उल्लंघन करने पर एक टिपर चालक के खिलाफ कार्रवाई की है।
रिपोर्ट के अनुसार हेडकांस्टेबल महेश कुमार जाप्ते के कांस्टेबल लालाराम व सुरेश कुमार के साथ इलाके में गश्त पर थे। इस दौरान ज्ञानदीप महाविद्यालय के बाहर देवली की तरफ से आ रहे टिपर को चालक द्वारा बेहद तेज आवाज में टेप बजाते हुए देखा गया। पुलिस ने वाहन को रोककर पूछताछ की तो चालक ने अपना नाम राधेश्याम गुर्जर निवासी टहला, थाना हिंडोली जिला बूंदी बताया।
प्रतिबंधित व शांत क्षेत्र में महाविद्यालय एवं छात्रावास के सामने विद्यार्थियों की पढ़ाई में बाधा पहुंचाने तथा बिना किसी वैध अनुमति के तेज आवाज में संगीत बजाने पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से ध्वनि प्रसारण टेप रिकॉर्डर, स्पीकर और पेन ड्राइव जब्त कर ली। अपराध जमानती होने के कारण आरोपी चालक को उसके जमानती द्वारा मुचलका पेश करने पर पाबंद किया गया।




