Deoli News 5 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) श्रीसांवरिया सेठ विकास समिति देवली के तत्वावधान में सांवरिया सेठ की 11वीं पैदल यात्रा गत एक सितंबर को भव्य जुलूस के साथ देवली से रवाना हुई।

यह यात्रा सिंगोली श्याम पहुंची, जहां शुक्रवार को श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा निकाली और अपरान्ह साढ़े 3 बजे भगवान सिंगोली श्याम को ध्वजा अर्पण की। यात्रा के मुख्य प्रबंधक ओमप्रकाश माहेश्वरी ने बताया कि पैदल यात्रा में करीब एक हजार से 11 सौ श्रद्धालु शामिल होकर चल रहे हैं। यात्रा का अगला प्रमुख व अंतिम पड़ाव सांवरिया सेठ मंडफिया रहेगा, जहां 9 सितंबर को सुबह 9:15 बजे ध्वजा अर्पण किया जाएगा। इस अवसर पर सांवरिया सेठ विकास समिति के अध्यक्ष गणराज गुर्जर, महामंत्री भंवर लाल सेन, कोषाध्यक्ष टीकम जैन, यात्रा संचालक देवेंद्र, दीपक व देवराज गुर्जर, पदयात्रा अध्यक्ष सीताराम गुर्जर, सवाईराम लोधा सहित समिति के कार्यकर्ताओं ने जुलूस के साथ सिंगोली श्याम पहुंचकर ध्वजा अर्पित की।


श्रद्धालुओं ने भगवान सिंगोली श्याम से प्रदेश की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की। उल्लेखनीय है कि देवली से जाने वाली सांवरिया सेठ की दोनों पदयात्राएं हर वर्ष सिंगोली श्याम में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव मनाती है। इसके बाद यह यात्रा सांवरिया सेठ के लिए रवाना होती है।



