Deoli News 19 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) आरजीएचएस योजना के तहत देवली के संबद्ध मेडिकल स्टोरों पर दवाइयां नहीं मिलने और लाभार्थियों को परेशान किए जाने का मामला सामने आया है।
इसे लेकर नगर पालिका देवली के पूर्व पार्षद लोकेश लक्षकार ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर व्यवस्था में सुधार और लापरवाह मेडिकल स्टोर संचालकों पर कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन की प्रतिलिपि चिकित्सा मंत्री और टोंक जिला कलक्टर को भी भेजी गई है। इसमें बताया कि आवश्यक दवाइयां नहीं मिलने के कारण बुजुर्ग पेंशनर्स और गंभीर मरीजों को बार-बार मेडिकल स्टोरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। कई लाभार्थियों को मजबूरी में अपनी जेब से दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
उन्होंने सभी संबद्ध मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच, दवाओं की निरंतर उपलब्धता, स्टॉक होने के बावजूद दवा देने से मना करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई तथा अनुपलब्ध दवाओं के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही लाभार्थियों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी हेल्पलाइन और जवाबदेही तय करने का आग्रह किया।



