Deoli News 23 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पंचायत समिति सदस्य चुनाव में नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन शुक्रवार को रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय देवली में प्रत्याशियों और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी।
अंतिम समय तक कुल 130 नामांकन दाखिल किए गए। इनमें कांग्रेस, भाजपा सहित निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी अपने नामांकन प्रस्तुत किए। अब नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। अंतिम दिन कार्यालय परिसर के चारों ओर वाहनों का जमावड़ा लगा रहा। प्रत्याशी समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे और दिनभर यह सिलसिला जारी रहा। कार्यालय परिसर में चुनावी गतिविधियां तेज नजर आईं। इधर, कांग्रेस की ओर से सांसद हरिश्चंद्र मीणा के निजी सचिव असलम और सांसद के करीबी व जिला कांग्रेस कमेटी महामंत्री राहुल बलसोरा अधिकृत प्रत्याशियों के नाम वाले लिफाफे लेकर देवली पहुंचे।
उन्होंने रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में अधिकृत प्रत्याशियों के लिफाफे सौंपे। इस दौरान नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सौरभ जिंदल, कांग्रेस नेता रामनिवास मीणा और सुरेश मीणा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


