Friday, October 23, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeDainik Bureau Deskदेवली नगर पालिका की पहली बैठक में सफाई व्यवस्था पर तकरार

देवली नगर पालिका की पहली बैठक में सफाई व्यवस्था पर तकरार

  • 47 लाख का लाइट मेंटिनेंस ठेका निरस्त करने पर सहमति

  • 30 या 100 सफाईकर्मी बढ़ाने की मांग पर पक्ष-विपक्ष में मतभेद


Deoli News 23 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका देवली के नवगठित बोर्ड की पहली साधारण सभा शुक्रवार को पालिकाध्यक्ष कजोड़ी देवी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने और विद्युत मेंटिनेंस के 47 लाख रुपए के ठेके को लेकर चर्चा के दौरान पक्ष-विपक्ष के बीच तकरार देखने को मिली।

वहीं शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए चार कचरा संग्रहण वाहन, एक जेसीबी, दो लिफ्टर और एक डंपर खरीदने पर सहमति बनी। बैठक में सफाईकर्मियों की संख्या बढ़ाने को लेकर पक्ष-विपक्ष के बीच असहमति सामने आई। सत्ता पक्ष की ओर से 30 अतिरिक्त सफाईकर्मी लगाने की मांग रखी गई, जबकि विपक्ष के वरिष्ठ पार्षद रामनिवास मीणा ने 100 सफाईकर्मी बढ़ाने की मांग उठाई। इस पर अधिशासी अधिकारी अमरचंद गुर्जर ने कहा कि वर्तमान में सफाई कर्मियों की संख्या पर्याप्त है और फिलहाल अतिरिक्त कर्मचारियों की आवश्यकता नहीं है।

47 लाख के विद्युत मेंटिनेंस ठेके पर उठे सवाल

बैठक में शहर की लाइटों की मरम्मत के लिए किए गए 47 लाख रुपए के ठेके का मुद्दा प्रमुखता से उठा। वरिष्ठ पार्षद भीमराज जैन ने सवाल उठाया कि जब शहर की लाइटों की मरम्मत का काम लगभग 12 लाख रुपए सालाना में हो सकता है, तो पालिका 47 लाख रुपए का खर्च किस आधार पर करेगी। पालिका उपाध्यक्ष नेमीचंद जैन ने भी ठेके पर असहमति जताते हुए इसे निरस्त करने का प्रस्ताव रखा। चर्चा के बाद सत्ता पक्ष के कई पार्षदों ने भी प्रस्ताव पर सहमति जताई और विद्युत मेंटिनेंस का ठेका निरस्त करने पर सहमति बनी।

पहली बैठक में दिखा अनुभव और नए जोश का संगम

नवगठित बोर्ड की पहली बैठक में नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष कजोड़ी देवी जहां व्यवस्थाओं और परिस्थितियों को समझती नजर आईं, वहीं पूर्व पालिकाध्यक्ष सहित वरिष्ठ पार्षदों ने चर्चा में सक्रिय भूमिका निभाई। भाजपा की ओर से विजय चौधरी, दिनेश जैन, रवि बलसोरा, विनोद साहू, विशन टेलर और कुलदीप चौधरी ने अपने विचार रखे। वहीं, विपक्ष की ओर से भीमराज जैन, रामनिवास मीणा, चंद्रकांत और राजबहादुर ने शहर की समस्याओं और पालिका के निर्णयों पर सवाल उठाए। बैठक में चर्चा के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि आगामी समय में बोर्ड की कार्यवाही में वरिष्ठ पार्षदों के अनुभव और नए पार्षदों के उत्साह के बीच राजनीतिक खींचतान देखने को मिल सकती है। इस दौरान बैठक में पार्षद मुकेश कुमार भी मौजूद थे।

चार प्रमुख बिंदुओं पर हुई चर्चा

बैठक में नगरपालिका क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था, दीपावली पर बाजार की सजावट, अस्थाई अतिक्रमण तथा शारदीय नवरात्र के दौरान रामलीला प्रदर्शन, डांडिया महोत्सव और दशहरा पर्व पर की गई व्यवस्थाओं के अनुमोदन सहित चार प्रमुख बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान अधिशासी अधिकारी अमरचंद गुर्जर कई बार पार्षदों के सवालों के बीच असहज नजर आए। वार्डों की संख्या बढ़ने के कारण सभागार में भीड़ रही और बैठक में लगभग सभी सदस्य मौजूद रहे। वही इस बार एक दर्जन महिला जनप्रतिनिधि चुनी गई है। लेकिन उनके पति बैठक से लगभग दूर रहे। केवल यहां मीडियाकर्मी को बैठक में अनुमति थी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here