Deoli News 1 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा एवं भाजपा नेता कौशल किशोर शर्मा ने गाडोली मंडल के विभिन्न गांवों व क्षेत्र की उन्नति के लिए सड़कों और विद्यालयों से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
विधायक मीणा ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय धाधोलां, कुचलवाड़ा कलां, टीकड़ और अमरवासी में नए कक्षा-कक्षों, टॉयलेट ब्लॉक, पेयजल सुविधाओं, किचन शेड और टिनशेड निर्माण समेत साढ़े 7 करोड रुपए के कार्यों की आधारशिला रखी। इसके अलावा हनुमान नगर और ज्योति कॉलोनी ऊंचा की विभिन्न गलियों में सीसी सड़क निर्माण तथा केशव विलास के प्राथमिक विद्यालय में नए कमरों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस दौरान क्षेत्र के ग्रामीणों ने विधायक और पूर्व प्रधान का गाजे-बाजे और फूल-मालाओं के साथ भव्य जुलूस निकालकर स्वागत किया। जनसभाओं को संबोधित करते हुए विधायक गोपीचंद मीणा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ ऐतिहासिक विकास कार्य करवा रही है।
उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए जनता को आश्वस्त किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल के अभी दो वर्ष ही हुए हैं और शेष तीन वर्षों में क्षेत्र की सभी विकास संबंधी मांगों को प्राथमिकता से पूर्ण किया जाएगा। वहीं किशोर शर्मा ने कहा कि जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में जो विकास की गति है, वैसी पहले कभी नहीं रही। उन्होंने कहा कि पूर्व में बजट को राजनीतिक द्वेष के कारण रोक दिया जाता था, लेकिन अब बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक गांव तक विकास की राशि पहुँचाई जा रही है।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष महेंद्र तिवाड़ी, ब्रजराज सिंह खींची, रमेश मीणा, दिनेश माली और सरपंच रामराज मीणा सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
Must Read : एआईपीएस स्कूल व ‘आकाश’ कोचिंग की साझेदारी, देवली में मिलेगी कोटा के एक्सपर्ट्स की शिक्षा



