61 विवाह योग्य युवक-युवतियों ने कराया पंजीयन
Deoli News 1 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के प्रेम गार्डन में अखिल भारतीय वेदनाई समाज सम्मेलन समिति के तत्वावधान में पहला अखिल भारतीय वेदनाई समाज युवक-युवती परिचय सम्मेलन संपन्न हुआ। एक दिवसीय इस सम्मेलन में देशभर से आए समाज के लोगों की मौजूदगी में 61 विवाह योग्य युवक-युवतियों ने अपना पंजीयन कराया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाराज धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि कैलाश सोनगरा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि बाबूलाल सांखला, कैलाश सांखला, कालूराम सांखला एवं कालूराम रामसर उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सामूहिक विवाह सम्मेलन अध्यक्ष दिनेश पंवार ने की। अध्यक्ष दिनेश पंवार ने कहा कि ऐसे परिचय सम्मेलन समाज को एक सूत्र में जोड़ने के साथ युवक-युवतियों को अपनी पसंद का जीवनसाथी चुनने का अवसर देता हैं, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि भोपाल सहित देश के विभिन्न हिस्सों से लोग सम्मेलन में शामिल हुए तथा कई स्थानों से बायोडाटा भी प्राप्त हुए।
सम्मेलन में युवक-युवतियों ने मंच से अपना परिचय दिया, वहीं भामाशाहों एवं समाज के लोगों को दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। भामाशाह महेश सांखला ने सामूहिक विवाह सम्मेलन को हर तरह से सहयोग देने का आह्वान किया। इस आयोजन की तैयारी पिछले दो माह से की जा रही थी, जिसके चलते 61 पंजीयन प्राप्त हुए। सम्मेलन में उपाध्यक्ष सोनू सामरिया, महामंत्री ताराचंद सांखला, कोषाध्यक्ष विनोद सामरिया सहित शंकर चौहान मालपुरा टीटू अजमेर, सुरेंद्र महेला, प्रकाश, दिनेश, कन्हैया, अशोक कुमार, जगदीश कुमार, संजय पवार, विजय और नंदकिशोर सहित सदस्य उपस्थित रहे।
यहां पंजीयन कार्य मनीष तंवर, रामलखन और किस्सू ने संभाला। मंच संचालन रामरतन सोनगरा बाघसूरी ने किया।


