सूरज और धुंध की जंग में देवली हुआ बर्फ सा ठंडा
Deoli News 30 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली शहर व आसपास के क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक अलग ही मंजर में नजर आया। देवली में आज सुबह से ही कुदरत का ‘कोल्ड वॉर’ देखने को मिला, जहाँ सूरज और घने कोहरे के बीच जबरदस्त जंग छिड़ी रही।
इस जंग में कोहरा इतना हावी रहा कि सूरज की किरणें सुबह 9 बजे जमीन को छूने के लिए तरसती रहीं। पूरा शहर मानों किसी सफेद समुद्र में समा गया हो, जिससे ठिठुरन ने लोगों को ठिठकने पर मजबूर कर दिया। सुबह की शुरुआत होते ही शहर की तमाम कॉलोनियों में कोहरे का कब्जा हो गया। घनी बस्तियों में दृश्यता यानी विजिबिलिटी 50 मीटर के करीब पहुंच गई। हनुमान नगर क्षेत्र में भी भी हालात ऐसे थे कि वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट्स जलाकर रेंगना पड़ा। बनास की ओर से आ रही सर्द हवाओं ने इस धुंध को और भी कंकणी भरा बना दिया, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई और पूरा देवली इलाका बर्फ सा ठंडा महसूस होने लगा।

सफेद चादर में लिपटी सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग घरों में दुबके रहे। चाय व कचोरी की थड़ियों पर जरूर गरमाहट की तलाश में लोगों की भीड़ नजर आई, जहाँ कोहरे और इस बदलते मौसम की चर्चाएं चलती रहीं। मानों देवली किसी हिल स्टेशन में तब्दील हो गया हो। स्कूली बच्चों को सुबह के वक्त काफी परेशानी हुई। देवली के बाजार देरी से खुले। वहीं जिन व्यापारियों ने दुकान खोली, वह भी काम छोड़कर अलाव तपने लगे। इस दरमियान लोग सुबह तक घरों में दुबके रहे। सुबह का तापमान 8 बजे 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया। बर्फीली ठंड से हाथ व पैरों की उंगलियां तक सुन्न पड़ गई। स्टेट हाईवे व नेशनल हाईवे वाहन धीमी रफ्तार से चले। शहर के कोटा रोड पर सर्वाधिक घना कोहरा रहा।



