Thursday, October 22, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeCrime Newsखेत की तार-जाली काटकर फसल उजाड़ने का आरोप, विरोध पर दो लोगों...

खेत की तार-जाली काटकर फसल उजाड़ने का आरोप, विरोध पर दो लोगों से मारपीट


Deoli News 22 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली थाना क्षेत्र के गोपीपुरा गांव में खेत में सरसों की फसल को नुकसान पहुंचाने का विरोध करने पर मारपीट का मामला बुधवार को सामने आया है। परिवादी ने तीन नामजद लोगों पर खेत की तार-जाली काटकर मवेशियों को अंदर घुसाने और फसल को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है।

वहीं विरोध करने पर उसके छोटे भाई के साथ मारपीट करने तथा बीच-बचाव करने आए ग्रामीण को भी चोटिल करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार भंवरलाल जाट पुत्र बीरधा लाल जाट निवासी गोपीपुरा, हाल निवासी शिवाजी नगर, टोंक ने बताया कि उसके गोपीपुरा स्थित खातेदारी खेत में सरसों की फसल बोई हुई है। फसल की सुरक्षा के लिए खेत के चारों ओर खंभे, तार और जालियां लगा रखी थीं। आरोप है कि गांव के प्रधान उर्फ विनोद जाट, फोरू उर्फ रामप्रकाश जाट और लेखराज जाट ने खेत की तार-जाली काटकर गाय-भैंसों को अंदर घुसाया, जिससे फसल को नुकसान पहुंचा। परिवादी के अनुसार, इस घटना का वीडियो भी बनाया गया था।

रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि फसल को नुकसान पहुंचाने से मना करने पर प्रधान उर्फ विनोद जाट और फोरू उर्फ रामप्रकाश जाट ने उसके छोटे भाई मोती लाल जाट को, जो बन्ना लाल जाट के घर पर बैठे थे, वहां से उठाकर अपने मकान के बाड़े में ले गए। आरोप है कि वहां लाठियों और लात-घूंसों से मारपीट की गई, जिससे मोती लाल की पसलियों और मुंह पर गंभीर चोटें आईं। परिवादी की रिपोर्ट के अनुसार, बीच-बचाव करने आए शैतान जाट पुत्र सूरजमल जाट के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोट आई। घायल मोती लाल जाट को राजकीय उप जिला चिकित्सालय देवली में भर्ती कराया गया।

परिवादी ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि संबंधित लोग पूर्व में भी उसके परिवार के साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दे चुके हैं। उसने परिवार की सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here