-
कैबिनेट मंत्री मनसुख मांडविया ने की शिरकत
-
नेशन फर्स्ट को मंत्री ने दी अहमियत
Deoli News 22 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल देवली (CISF) के क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र, में गुरुवार को प्रधान आरक्षक के 7वें बैच की दीक्षांत परेड का शानदार आयोजन किया गया। इस दीक्षांत समारोह के साथ ही 324 प्रधान आरक्षक राष्ट्र की सुरक्षा के लिए समर्पित हुए।
विशेष बात यह है कि इस बैच में 171 महिला प्रधान आरक्षक शामिल हैं, जिन्होंने कंधे से कंधा मिलाकर अपना कठिन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया। समारोह के मुख्य अतिथि केन्द्रीय कैबिनेट मंत्री मनसुख मांडविया (श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय) रहे। कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने पर महानिदेशक प्रवीर रंजन ने उनकी अगवानी की। प्रशिक्षणार्थियों को अनुशासन और कर्तव्य की शपथ क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र देवली के प्राचार्य नरेंद्र देव आनंद ने दिलाई। मंत्री ने कहा कि परेड में कदमताल केवल अनुशासन नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा की गारंटी का प्रतीक बताया गया। मंत्री ने शिपिंग, पोर्ट, उर्वरक संयंत्र और हवाई अड्डों पर सीआईएसएफ की अहम भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि आज से जवान देश की सेवा और सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। यह दिन जवानों और उनके परिवारों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया गया। माता-पिता को बच्चों को बल में भेजने के लिए सम्मान और धन्यवाद दिया गया। खेल और सुरक्षा बल को एक-दूसरे का पूरक बताते हुए अनुशासन और समर्पण पर जोर दिया गया। इसी तरह बल के महानिदेशक ने भी समारोह को संबोधित किया।
सुरक्षा के हर मोर्चे पर तैयार हुए खिलाड़ी
यह पूरा बैच स्पोर्ट्स कोटा के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों से चुना गया था, जिसमें 30 अलग-अलग खेलों के खिलाड़ी शामिल थे। प्रशिक्षण के दौरान इन खिलाड़ियों को औद्योगिक सुरक्षा प्रबंधन, विमानन सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, वीआईपी सुरक्षा, नेतृत्व विकास और सॉफ्ट स्किल्स सहित महत्वपूर्ण विषयों का गहन अध्ययन कराया गया। साथ ही जवानों को शहरी अभियानों, जंगल युद्ध और आधुनिक हथियारों के संचालन का सामरिक प्रशिक्षण देकर हर परिस्थिति के लिए तैयार किया गया है।
सम्मानित हुए प्रतिभावान प्रशिक्षणार्थी
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने प्रशिक्षण में अव्वल रहे जवानों को पुरस्कृत किया। रिया भाटी को ‘ऑल-राउंड सर्वश्रेष्ठ’ घोषित किया गया। मुस्कान को इनडोर प्रशिक्षण, चिम्पी गोगोई को आउटडोर प्रशिक्षण और आकाश एस को फायरिंग में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। पूरी परेड का नेतृत्व परेड कमांडर वंशिका शेखावत ने किया।
इन अधिकारियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें अपर महानिदेशक विजय प्रकाश, महानिरीक्षक (प्रशिक्षण खंड) वी. खामो, उप महानिरीक्षक (प्रशिक्षण) विनय काजला, उप महानिरीक्षक (आसूचना) अजय दहिया और वरिष्ठ समादेष्टा सुधीर कुमार शामिल थे। नागरिक प्रशासन की ओर से जिला कलक्टर टोंक कल्पना अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक टोंक राजेश कुमार और उप-खंड अधिकारी रूबी अंसार, देवली डीएसपी हेमराज, थाना प्रभारी दौलतराम गुर्जर, हनुमाननगर थाना प्रभारी गणेश मीणा भी उपस्थित थे।


दीक्षांत परेड के अंत में प्रशिक्षणार्थियों के परिवार के सदस्यों ने अपने बच्चों को वर्दी में देख गौरव महसूस किया। यह समारोह क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र देवली की उस प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा, जिसके माध्यम से वह देश की महत्वपूर्ण अवसंरचनाओं की सुरक्षा के लिए सक्षम अधिकारी तैयार कर रहा है।


