Deoli News 7 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के जयपुर रोड पर शुक्रवार शाम एक सड़क हादसे में मोपेड सवार 60 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना शाम करीब 5 बजे होटल गोविंदा के पास घटित हुई।
देवली थाने के सहायक उप निरीक्षक गोपाल मीणा ने बताया कि पनवाड़ मोड की ओर से आ रहे मोपेड चालक की सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में कुचलवाड़ा (थाना हनुमान नगर) निवासी कजोड़मल रेगर पुत्र तेजाराम रेगर गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार सुबह मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
इस संबंध में मृतक के पुत्र इंद्रजीत रेगर ने बाइक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।


