प्रभातफेरी व वाहन रैली निकाली
Deoli News 21 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) “जियो और जीने दो” व “अहिंसा” के प्रणेता भगवान महावीर स्वामी की जयंती रविवार को सकल जैन समाज ने धूमधाम से मनाई। इस मौके पर शहर में वाहन रैली तथा प्रभातफेरी निकालकर भगवान महावीर के संदेश प्रसारित किए गए।
इससे पहले सुबह 5:30 बजे समाज के लोग मंदिरों में एकत्रित हुए तथा भगवान महावीर स्वामी के सिद्धांत व संदेश प्रसारित करते हुए गलियों से निकले। सुबह शहर के पटेल नगर स्थित पार्श्वनाथ मंदिर परिसर से समाज के युवाओं ने वाहन रैली निकाली। यह वाहन रैली पेट्रोल पंप चौराहा, आदिनाथ मंदिर, ज्योति कॉलोनी, नगर पालिका, मुख्य बाजार, ममता सर्कल, महावीर जैन मंदिर, शांतिनाथ मंदिर होते हुए पुनः पटेल नगर पहुंची। कई जगह पर वाहन रैली पर लोगों ने पुष्प बरसाए। नगर पालिका के बाहर पार्षद भीमराज जैन के नेतृत्व में अन्य पार्षदों व लोगों ने वाहन रैली पर पुष्प बरसाए। वाहन रैली में शामिल महिला व पुरुष ध्वज लेकर चल रहे। इस मौके पर दिगंबर जैन मंदिर में सुबह भगवान आदिनाथ का अभिषेक, भगवान व मूल नायक महावीर स्वामी का अभिषेक, शाम पौने 4 बजे शोभायात्रा, शाम 5 बजे चंद्र प्रभु मंदिर पर कलश अभिषेक, तथा शास सवा 5 बजे श्री महावीर दिगंबर मंदिर में कलश अभिषेक का कार्यक्रम हुआ।
वही शाम को समाज की सामूहिक प्रसादी भी हुई। इस मौके पर रात 8 बजे से त्रिशला महिला मंडल की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जा रहे है। इसी तरह शहर के अन्य जैन मंदिरों में भी धार्मिक कार्यक्रम हुई। इधर, देवली के श्रीवर्धमान स्थानकवासी में भी भगवान महावीर का जन्म कल्याणक मनाया गया। यहां समाज की प्रतिभाओं को परितोषित सौपे। वक्ताओं ने भगवान महावीर स्वामी के सिद्धांतों को अपनाने की बात कही।



