Deoli News 7 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान के तहत देवली खंड में सीएचओ व डॉट्स प्रोवाइडर्स को शुक्रवार को प्रशिक्षण दिया गया। दरअसल प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को लेकर जिला क्षय निवारण केंद्र में एक दिवसीय प्रशिक्षण हुआ।

इसमें खंड देवली के सभी कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स (सीएचओ) तथा डॉट्स प्रोवाइडर्स को टीबी उन्मूलन की रणनीतियों पर प्रशिक्षण दिया गया। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. हिमांशु मित्तल ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अभियान के छह प्रमुख इंडिकेटर्स पर विस्तृत प्रकाश डाला। डॉ. मित्तल ने कहा कि नॉट साइट्स पर अधिकाधिक बलगम सैंपल भेजकर संदिग्ध मरीजों की शीघ्र पहचान सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक टीबी मरीज को निक्षय पोषण योजना के तहत एक हजार रुपए मासिक सहायता तथा निक्षय मित्र के माध्यम से अतिरिक्त पोषण, आर्थिक मदद दिलवाने के बाद निक्षय पोर्टल पर तत्काल ऑनलाइन एंट्री अनिवार्य है।



