Deoli News 24 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दूनी-मुगलाना बांस खेड़िया मार्ग पर सोमवार रात एक सड़क हादसे में बिहार के एक मजदूर की जान चली गई। यहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने पैदल जा रहे युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब मृतक अपने भाइयों के साथ मजदूरी कर वापस लौट रहा था। एएसआई बद्रीलाल यादव के अनुसार, सोमवार रात करीब 9 बजे बिहार निवासी मजदूर दूनी से बांसखेड़िया की ओर पैदल जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को दूनी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दुर्घटना वाले ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। मृतक की पहचान हीरा कुमार उर्फ हीरालाल ऋषि (पुत्र धर्मचंद ऋषि) के रूप में हुई है, जो बिहार के कटिहार जिले के फलका थाना क्षेत्र के निसुदरा गांव का निवासी था।
हीरालाल महज 20-25 दिन पहले ही अपने भाइयों के साथ दूनी क्षेत्र के गांवों में तूड़ी (चारा) भरने की मजदूरी करने आया था। उसे क्या पता था कि रोजी-रोटी की तलाश में घर से इतनी दूर आना उसके जीवन का आखिरी सफर साबित होगा।


