Deoli News 24 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नासिरदा में टीबी संगोष्ठी का आयोजन किया गयाम जिसका मुख्य ध्येय “हाँ, हम टीबी समाप्त कर सकते हैं” विषय रहा।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. निर्मल पालीवाल ने टीबी मरीजों को पोषण सामग्री के पैकेट वितरित कर उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की। इस दौरान खंड डॉट्स पर्यवेक्षक खेमराज चौधरी ने उपस्थित अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों, आशा सहयोगिनियों और आमजन को टीबी मुक्त भारत के निर्माण के लिए सामूहिक शपथ दिलाई। संगोष्ठी में नासिरदा डॉट्स प्रभारी मधुबाला मीणा ने सक्रियता दिखाते हुए पांच नए ‘निक्षय मित्र’ बनाए, जो टीबी रोगियों की सहायता करेंगे। कार्यक्रम में टीबी के लक्षणों, जांच और उपचार की विस्तृत जानकारी साझा की गई। साथ ही, खंड स्वास्थ्य पर्यवेक्षक मांगीलाल खटीक ने आईएचएमएस मोबाइल ऐप के माध्यम से सभी महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आशा सहयोगिनियों और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को प्रशिक्षित किया।
उन्होंने योग्य दंपति, प्रसव पूर्व व बाद देखभाल और बच्चों के स्वास्थ्य सर्वे को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।


