Deoli News 2 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में लगातार दूसरे दिन रविवार को भी कोहरे का असर रहा, लेकिन आज यह कोहरा बेहद घना था।समूचा शहर इस घने कोहरे की ज़द में सफेद चादर ओढ़े दिखाई दिया।
जिससे सर्दी का असर बढ़ गया। सुबह 7 बजे देवली का तापमान लगभग 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसने लोगों को गर्म कपड़ों की ओर रुख करने पर मजबूर कर दिया। कोहरे के कारण सड़कों पर विजिबिलिटी घटकर मात्र 80 से 100 मीटर तक रह गई, जिसके आगे कुछ भी देखना मुश्किल था। शहर के मुख्य मार्गों जयपुर-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग और अजमेर-कोटा हाईवे पर भी घना कोहरा छाया रहा। इसके चलते वाहन चालकों को धीमी रफ्तार से गुजरना पड़ा और हेडलाइट जलाकर रास्ता पार करना पड़ा। उल्लेखनीय है कि नवंबर माह में यह काफी समय बाद पहला मौका है।
जब कोहरा इतनी जल्दी अपना असर दिखा रहा है, जबकि आमतौर पर इतना घना कोहरा दिसंबर के अंतिम दिनों या जनवरी माह में ही पड़ता था। इधर, सुबह 8:30 बाद कोहरा छट गया और साफ धूप निकल गई।


