Deoli News 22 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दीपावली से पहले देवली में अवैध पटाखों के भंडारण के खिलाफ जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) और थाना देवली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में पटाखे जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार रीको एरिया और पनवाड़ मोड़ स्थित गोदामों व देवली में दुकान से बिना लाइसेंस रखे गए पटाखे बरामद किए गए।
यह कार्रवाई बुधवार रात से लेकर गुरुवार दोपहर तक चलती रही। जब्त पटाखों की कीमत करीब एक करोड़ 50 लाख रुपए से अधिक बताई गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की जानकारी के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के निर्देशानुसार डीएसटी प्रभारी और थाना देवली प्रभारी प्रीति रत्नू टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक संबंधित ठिकानों पर स्वयं के गोदाम, किराये के गोदाम और दुकान में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 250 से अधिक विभिन्न ब्रांड के कार्टून जब्त किए।
इनमें भरे पटाखों की कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपए से अधिक बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में रोहित जैन निवासी ज्योति कॉलोनी, थाना हनुमाननगर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धारा 5 व 9बी के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया है। कार्रवाई में डीएसटी टोंक और थाना देवली की टीम शामिल रही। उक्त कार्रवाई से पटाखा व्यापारियों में हड़कंप मच गया।



