पटेल नगर और विवेकानंद कॉलोनी में हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं, घरों के शीशे और कांच की रेलिंग को पहुंचा था नुकसान
Deoli News 21 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर की कॉलोनियों में गुलेल से पक्षियों को निशाना बनाने की घटनाएं एक बार फिर सामने आने लगी हैं। हाल ही में बुधवार सुबह करीब 5 बजे वार्ड नंबर 15 से सामने आए एक वीडियो में 2 युवक बाइक के साथ नजर आ रहे हैं। यह युवक घरों की छतों के नीचे सोते हुए कबूतरों को शिकार बना रहे हैं।
वीडियो में एक युवक गुलेल से कबूतर को निशाना बनाते, उसके नीचे गिरने के बाद उठाते और फिर बाइक के बैग में रखते हुए दिखाई दे रहा है। इस घटना ने पक्षियों की सुरक्षा के साथ ही शहरवासियों की चिंता भी बढ़ा दी है। दरअसल कुछ महीने पहले भी पटेल नगर, विवेकानंद कॉलोनी सहित शहर की अन्य कॉलोनियों में इस तरह की घटनाएं सामने आई थीं। उस दौरान रात के समय कुछ लोग कॉलोनियों में घूमकर गुलेल से पक्षियों को निशाना बनाते थे। आरोप है कि इन घटनाओं के दौरान कई घरों की खिड़कियों के शीशे और कांच की रेलिंग को भी नुकसान पहुंचा था।
अब वार्ड नंबर 15 का वीडियो सामने आने के बाद इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने और संबंधित युवकों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग उठ रही है। वार्ड 15 के पार्षद कुलदीप चौधरी और स्थानीय लोगों का कहना है कि पक्षियों को नुकसान पहुंचाने के साथ घरों की संपत्ति को क्षति पहुंचाने वाली ऐसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जाना चाहिए। पहले भी विवेकानंद कॉलोनी में इस तरह की घटना से कांच की खिड़कियों और रेलिंग के शीशे टूटे थे। बुधवार सुबह हुई घटना का वीडियो स्पष्ट है। जिसमें यह युवक शिकार करते हुए नजर आ रहे हैं। इससे वन्य जीव संरक्षण नियम का भी उल्लंघन हो रहा है।



