रावण दहन में हजारों श्रद्धालु बने साक्षी
Deoli News 21 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के ममता सर्कल पर पिछले कई दिनों से चल रही रामलीला का राम तिलक एवं सिंहासन कार्यक्रम के साथ मंगलवार रात समापन हुआ। परंपरागत रूप से संजीव रामलीला देखने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे थे।
समापन अवसर पर भाजपा नेता तनसुख बैरवा एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष आत्माराम जैन सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इससे पहले मंगलवार देर शाम हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में भगवान श्रीराम ने रावण, कुंभकरण और मेघनाद का वध किया। रावण और भगवान श्रीराम के बीच हुए संवाद के बाद श्रीराम ने अग्निबाण चलाकर रावण का वध किया। भगवान श्रीराम ने सीता का हरण दुष्कृत्य बताया। इसके साथ ही हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में तीनों पुतलों का दहन किया गया। वहीं क्षेत्र के बीजवाड़ गांव में भी रावण दहन का आयोजन हुआ।
यहां पिछले 54 वर्षों से रामलीला का सजीव मंचन किया जा रहा है, जो क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक बना हुआ है। इसी तरह अन्य क्षेत्रों में चल रहे रामलीला मंचन व रावण दहन भी विधिवत समापन हुआ।


