-
देवली में 51 फीट ऊंचे रावण और 31 फीट ऊंचे मेघनाद, कुम्भकर्ण के पुतले का दहन
-
श्रीराम दरबार की शोभायात्रा मुख्य बाजार से होते हुए पहुंची कार्यक्रम स्थल
-
अखाड़ेबाजों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
Deoli News 20 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में मंगलवार को विजयदशमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर हायर सेकेंडरी परिसर देवली में नगर पालिका की ओर से आयोजित दशहरा कार्यक्रम में 51 फीट ऊंचे रावण और 31 फीट ऊंचे मेघनाद, कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया।

इससे पहले परिसर में भव्य आतिशबाजी की गई, जिसकी गूंज से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। यहां जमीनी और हवाई आतिशबाजी हुई। रावण दहन देखने के लिए शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। पुतलों के दहन के साथ ही मैदान में श्रीराम के जयकारे गूंज उठे और लोगों ने असत्य पर सत्य की विजय का उत्सव मनाया। कार्यक्रम से पूर्व बैंड बाजे के साथ भगवान श्रीराम, लक्ष्मण जी व हनुमानजी सहित श्रीराम दरबार की सजीव शोभायात्रा मुख्य बाजार से होते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। इस दौरान उस्ताद तनसुख बैरवा के नेतृत्व में अखाड़ेबाजों ने विभिन्न करतबों का प्रदर्शन किया, जिन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
कार्यक्रम में श्रीराम और रावण के बीच संवाद भी हुआ। पुतला दहन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग की गई। कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष कजोड़ी देवी, थाना प्रभारी प्रीति रत्नू व पार्षद, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान दशहरा पर्व को लेकर उत्साह का माहौल बना रहा। इस दौरान कार्यक्रम स्थल और इसके बाहर भीड़ का जमावड़ा रहा।



