दमकलकर्मियों और ग्रामीणों की सूझबूझ से चार घंटे में आग पर पाया काबू
Deoli News 20 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) ग्राम कासीर क्षेत्र में मंगलवार को अज्ञात कारणों से एक बाड़े में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि यदि समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो यह गांव में फैल सकती थी।
दमकलकर्मियों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयासों से आग को फैलने से रोक लिया गया। दमकल केंद्र की जानकारी के अनुसार, दोपहर 1:32 बजे ग्राम कासीर निवासी लेखराज पुत्र केसर लाल के बाड़े में आग लगने की सूचना मिली। आग से बाड़े में रखी ज्वार की पांच ट्रॉली और लकड़ियों की तीन ट्रॉली जलकर राख हो गईं। सूचना मिलते ही दमकलकर्मी नीरज कुमार चौधरी, कमल मेहता और चालक धर्मेंद्र मीणा मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों के सहयोग से दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया और करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग को आगे बढ़ने से रोक लिया गया, जिससे गांव में बड़ा नुकसान होने की आशंका टल गई। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है।


