मेघनाथ-कुंभकरण के पुतले भी जलेंगे
Deoli News 19 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) विजयदशमी के अवसर पर मंगलवार को देवली में रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया जाएगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी मुख्य कार्यक्रम हायर सेकेंडरी परिसर में आयोजित होगा।
आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और अटल उद्यान के टीनशेड परिसर में पुतलों का निर्माण किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार इस बार रावण का पुतला करीब 51 फीट ऊंचा होगा, जबकि मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले 31-31 फीट ऊंचे बनाए जा रहे हैं। रावण के पुतले का सिर ही करीब 12 से 15 फीट ऊंचा तैयार किया गया है। मंगलवार सुबह तीनों पुतले तैयार कर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचाए जाएंगे। वही कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेट्स भी बांधे जाएंगे। शाम को भगवान श्रीराम की ओर से अग्निबाण चलाकर पुतलों का दहन किया जाएगा।
इस दौरान आतिशबाजी भी होगी। पुतलों में भी आतिशबाजी की व्यवस्था की गई है। इससे पहले नगर पालिका कर्मचारियों की ओर से आतिशबाजी का प्रदर्शन किया जाएगा।
पुतला दहन के बाद लगता है जाम, दो गेट से निकासी की जरूरत
विजयदशमी के उत्सव के बीच हर वर्ष पुतला दहन के बाद यातायात व्यवस्था चुनौती बन जाती है। हायर सेकेंडरी परिसर से बाहर निकलने के लिए लोग स्टेट बैंक चौराहे की ओर स्थित गेट का उपयोग करते हैं। इससे एक ही रास्ते पर लोगों की भीड़ जमा हो जाती है और वाहनों की आवाजाही बाधित होने से करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रहती है। यह स्थिति हर वर्ष रहती है। इस दौरान आमजन के साथ पुलिसकर्मियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ऐसे में यदि पुलिस और प्रशासन की ओर से हायर सेकेंडरी परिसर के पेट्रोल पंप चौराहे की ओर स्थित गेट को भी निकासी के लिए खोलने तथा वैकल्पिक रास्तों की व्यवस्था की जाए तो जाम से काफी हद तक राहत मिल सकती है। दोनों गेट से निकासी होने पर भीड़ का दबाव बंटेगा और लोगों को कार्यक्रम स्थल से बाहर निकलने में आसानी होगी। विजयदशमी के आयोजन के बाद बेहतर यातायात प्रबंधन और दोहरी निकासी व्यवस्था से उत्सव के बाद होने वाली परेशानी को कम किया जा सकता है।

दूनी में 40 और नगरफोर्ट में 35 फीट के रावण का होगा दहन
दूनी। विजयदशमी पर मंगलवार को दूनी के खेल मैदान में नगर पालिका की ओर से 40 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा। बजरंग मंडल की ओर से भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकाली जाएगी। गुराई और चारनेट में 20-20 फीट तथा नगरफोर्ट में 35 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा। नगरफोर्ट में रामलीला का समापन बुधवार को होगा, जबकि दूनी बस स्टैंड पर एक दिवसीय मेला लगेगा। आयोजनों को लेकर पुलिस बल तैनात रहेगा।


