सफाई और दीपावली सजावट समेत विभिन्न मुद्दों पर होगी चर्चा
Deoli News 16 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका देवली के नवीन सभा भवन में आगामी 23 अक्टूबर सुबह 11:00 बजे नगर पालिका मंडल की साधारण सभा का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर अधिशासी अधिकारी ने बैठक सूचना जारी की है।
अधिशाषी अधिकारी अमरचन्द गुर्जर द्वारा जारी बैठक सूचना के अनुसार इस साधारण सभा में सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को आमंत्रित किया गया है। बैठक में शहर के कई प्रमुख विषयों और आगामी त्योहारों की तैयारियों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक की कार्यसूची में नगर पालिका क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने, आगामी दीपावली महोत्सव के उपलक्ष्य में बाजार सजावट करने तथा पालिका क्षेत्र में हो रहे अस्थाई अतिक्रमण पर चर्चा शामिल है।
इसके अलावा शारदीय नवरात्र में आयोजित रामलीला प्रदर्शन, डांडिया महोत्सव और दशहरा पर्व के दौरान की गई विभिन्न व्यवस्थाओं के अनुमोदन पर भी विचार-विमर्श कर निर्णय लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि नगर पालिका के नए बोर्ड गठन के बाद यह पहली बैठक आयोजित की जा रही है। पालिका बोर्ड में अध्यक्ष कजोड़ी देवी है।


