Deoli News 15 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के जयपुर रोड स्थित पशुपतिनाथ महादेव मंदिर परिसर रविवार को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा। महाशिवरात्रि पर यहाँ पशुपतिनाथ महादेव, श्री सेठ कल्पेश्वर बालाजी महाराज और श्री चौथ माता मंदिर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान हुए।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भगवान शिव बारात रही, जो डीजे की धुनों और भोलेनाथ के भजनों के साथ मंदिर से शुरू होकर जयपुर रोड स्थित कृष्णा होटल तक पहुँची। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालु भजनों पर नृत्य करते हुए शामिल हुए। पं राजकुमार शास्त्री के सानिध्य में वेद मंत्रोच्चार के साथ गणेश पूजन, चौथ माता स्थापना और देवताओं का आह्वान किया गया। मुख्य यजमान रमेश चंद मीणा ने 91,001 रुपए की राशि के साथ प्रधान कुंड की बोली ली और अग्नि मंथन कर आहुतियां दी।
दोपहर 2:15 बजे पशुपतिनाथ महादेव, कल्पेश्वर बालाजी, गणेश जी, चौथ माता और नीमड़ी वाले भेरुजी की मूर्तियों की विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा हुई। पशुपतिनाथ शिव मंदिर समिति के संरक्षक फूलसिंह मीणा ने बताया कि इस दौरान क्षेत्र भक्तिमय माहौल में रहा। इसी तरह शहर के अन्य देवालयों में भी शिवरात्रि का उल्लास देखते ही बना। देवली के रोडवेज बस स्टैंड स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर में इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना हुई।

यहाँ भगवान भोलेनाथ की अत्यंत आकर्षक और मनमोहक झाँकी सजाई गई। शिवरात्रि के मौके पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का बिल्व पत्र, पंचामृत, भांग व धतूरा आदि से पूजा अर्चना की। भगवान शिव के पंचाक्षरी मंत्र का जाप किया और उपवास रखा।


