Jahazpur News 29 फरवरी (आज़ाद नेब) राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज आम रास्ते में लगे पेड़ को हटवाने के की मांग को लेकर प्रयासरत युवक गुरुवार सुबह खफा होकर मोबाइल टॉवर पर चढ़ा गया, बाद में प्रशासन ने आनन-फानन में पेड़ को काटा।
जानकारी के अनुसार राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज खसरा नं 6603 आम रास्ते में लगे पेड़ को हटवाने के लिए कई दिनों से दिनेश प्रजापत प्रयास कर रहा था। ऐसा नहीं होने से नाराज होकर वह अपनी मांग मनवाने के लिए गुरुवार सुबह चावंडिया चौराहे के समीप एक मोबाइल टावर पर चढ़ा। दिनेश प्रजापत की मांग को मानते हुए कार्यवाहक तहसीलदार सत्यनारायण आचार्य ने पेड़ को कटवा कर उसे टावर से नीचे उतरने के लिए आग्रह किया, लेकिन वह नहीं माना। इसी तरह पुलिस उपाधीक्षक हंसराज बैरवा, थानाधिकारी नरपत राम बाना ने भी समझाइश की।
गार्ड ने पूछा तो बताया कि बकरियों के लिए पत्तियां लेने आया है
दरअसल दिनेश प्रजापत मोबाइल टॉवर के समीप ही खेतों में सिजारी करता है। दिनेश प्रजापत हाथ में कुल्हाड़ी एवं पेट्रोल की बोतल लेकर आया। यहां गार्ड ने पूछा तो दिनेश ने जवाब दिया कि बकरियों के लिए पत्ती लेने आया है।
इसी बातचीत के बीच वेब भागकर मोबाइल टॉवर पर चढ़ने लगा तो वहां पर तैनात गार्ड निसार मोहम्मद ने उसे रोकने का काफी कोशिश की। इस कोशिश में गार्ड ने उसके हाथों से कुल्हाड़ी और पेट्रोल की बोतल को छीन लिया। उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी इस मुद्दे को लेकर दिनेश प्रजापत ने विधानसभा आचार संहिता से एक-दो दिन पहले उपखंड कार्यालय पर अपनी गाय एवं भैंसों को लेकर धरने पर बैठा था। विधानसभा चुनाव में वह निर्दलीय के रूप में चुनाव भी लड़ा था। खबर लिखे जाने तक गुस्साया दिनेश प्रजापत टावर पर ही बैठा रहा।



