Deoli News 7 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका चुनाव को लेकर जहां प्रत्याशी अपने-अपने चुनाव प्रचार में जुटे हैं, वहीं वार्ड 29 के निर्दलीय प्रत्याशी मुकेश कुमार की ओर से प्रचार के साथ मतदाताओं को जागरूक करने की कवायद भी की जा रही है।
देवली में चुनावी तैयारी तेज, 35 वार्डों के मतदान केंद्र निर्धारित

विभिन्न नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को मतदान के महत्व का संदेश दिया जा रहा है। लोगों को बताया जा रहा है कि मतदान लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और इसका उपयोग करते हुए योग्य प्रत्याशी का चुनाव करना चाहिए। आयोजन से जुड़े शादाब अख्तर रिजवी ने बताया कि इसे लेकर सोमवार को एजेंसी क्षेत्र में संजय पार्क के पास मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें चित्रकला, पोस्टर निर्माण एवं बच्चों की सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता कराई गई। जिसमें स्थानीय और आसपास के बच्चों ने भाग लिया। प्रतियोगिताओं में विजेता रहे प्रतिभागियों को एजुकेशन स्टेशनरी से पुरस्कृत किया गया।


प्रत्याशी मुकेश कुमार की ओर से वार्ड के साथ-साथ शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर भी मतदाता जागरूकता को लेकर नुक्कड़ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से बाहर से विशेष कलाकार बुलाए गए हैं, जो अपनी कला कौशल के माध्यम से आमजन को मतदान के प्रति जागरूक कर रहे हैं। साथ ही मतदाताओं से अपील की जा रही है कि वे अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।



