“नासिरदा पुलिस की कार्रवाई”
Deoli News 7 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नासिरदा थाना पुलिस ने विदेश में मोटी पगार वाली नौकरी का झांसा देकर ठगी करने और पीड़ितों को विदेश भेजकर मानव तस्करी के जाल में फंसाने वाले एक साल से फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने एक पीड़ित से 50 हजार रुपए की ठगी की थी और उसे धोखे से देश से बाहर भेज दिया था।


पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा और वृत्ताधिकारी देवली मदन लाल ढाका के निर्देशन में नासिरदा थानाधिकारी रोड़ूराम के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी।।विभिन्न धाराओं के तहत वांछित आरोपी की तलाश में टीम को हरियाणा भेजा गया था। पुलिस टीम ने तकनीकी साधनों की मदद से हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सेक्टर-37 अंतर्गत ग्राम गाडोली खुर्द में दबिश देकर आरोपी हिमांशु (21) पुत्र राजेश कुमार बघेल को उसके घर से हिरासत में लिया। नासिरदा थाने लाकर की गई कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। साथ ही उसने यह भी स्वीकार किया कि उसने केकड़ी (अजमेर) थाना क्षेत्र के भी एक व्यक्ति को विदेश में नौकरी का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाया और बाहर भेजा था।

आरोपी केकड़ी थाने में दर्ज मामले में भी वांछित चल रहा था, जिसकी सूचना संबंधित थाने को दे दी गई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है, जिससे गिरोह के अन्य सदस्यों और मानव तस्करी व ठगी की अन्य वारदातों के खुलासे की पूरी उम्मीद है। टीम में थानाधिकारी रोड़ूराम, सहायक उपनिरीक्षक तुलसीराम, सहायक उपनिरीक्षक नन्दकिशोर, कांस्टेबल जगदीश और कांस्टेबल बजरंग शामिल रहे।



