Deoli News 5 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय देवली में महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर शिक्षक दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।


आकर्षण के रूप में विद्यार्थियों ने शिक्षकों की भूमिका निभाते हुए विद्यालय का वातावरण जीवंत कर दिया। हर्षिता जैन एवं समीर ने प्रधानाचार्य की भूमिका का प्रभावी अभिनय प्रस्तुत किया, जिसकी उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सराहना की। वहीं कक्षा 12वीं वाणिज्य वर्ग के अंजुम एवं शादमान ने मंच संचालन की जिम्मेदारी संभाली। विद्यार्थियों ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, विशेष प्रस्तुतियां दी। प्रधानाचार्य नवरतन मित्तल ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका पर प्रकाश डाला। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डाबर कला में प्रधानाचार्य चंद्रपाल सिंह शक्तावत ने श्रेष्ठ कार्य करने वाले उप प्रधानाचार्य गुलअफशा, रामरतन कुमावत एवं मनोहर लाल कुमावत का माला पहनाकर एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मान किया।

पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दूनी में प्रधानाचार्य कैलाश वर्मा की अध्यक्षता एवं टोंक डाइट प्राचार्य पीयूष कुमार शर्मा के मुख्य आतिथ्य में शिक्षक दिवस एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई गई। कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने एक दिन के लिए शिक्षकों की भूमिका निभाई। छात्रा नव्या ने प्रधानाचार्य की भूमिका निभाई। विद्यार्थियों ने पोस्टर, भाषण, कविता एवं भजन प्रस्तुत किए तथा शिक्षकों का सम्मान किया।



