Deoli News 5 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में शनिवार सुबह से लगातार बारिश का दौर जारी रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ और शहर की कई कॉलोनी एवं बस्तियों में पानी भर गया।
सुबह 6 से दोपहर 2 बजे तक डेढ़ इंच से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई, तहसील नियंत्रण कक्ष की सूचना के अनुसार इन 8 घंटे में 41 एमएम यानी 1.61 इंच बारिश हुई। बारिश के चलते स्कूली बच्चे भीगते हुए स्कूल गए और लगातार बारिश की वजह से स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति भी कम रही। शहर की कई कॉलोनियों में पानी भर गया और कई घंटे लगातार बारिश होने से घरों की छत से पानी रिसाव होने लगा। लगातार बारिश से मौसम सुहाना और ठंडा हो गया, लेकिन कीचड़ की समस्या भी उत्पन्न हो गई। मौसम विभाग ने आगामी 3 घंटे में तेज बारिश की चेतावनी दी है।
जिससे लोगों को और अधिक सावधानी बरतने की आवश्यकता है। बारिश के मद्देनजर आवश्यक सावधानियां बरतने और सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है। इसी तरह बीसलपुर बांध का जलस्तर शनिवार दोपहर 2 बजे तक आरएल 313.71 मीटर पहुंच गया। वहीं बीगोद स्थित त्रिवेणी केंद्र पर नदी का बहाव 3.20 मीटर है, जो पहले के मुकाबले काफी कम हो गया।



