बिजली उपभोक्ता कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
Deoli News 22 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) लोकसभा चुनाव से कुछ दिन पहले केंद्र सरकार ने सोलर पैनल योजना की घोषणा की। यह पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना है। अब इसके लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं।
इस योजना के तहत देश के एक करोड़ घरों पर रूफटॉप सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं। योजना में हर परिवार को 300 यूनिट बिजली फ्री मिलेगी।
एक करोड़ से ज्यादा आवेदन
सूर्य घर योजना के ऐलान के साथ ही इस योजना के लिए आवेदन भी शुरू हो गए थे। देशभर के लोगों ने योजना के लिए आवेदन किया। अब तक एक करोड़ से ज्यादा लोगों के आवेदन आ चुके हैं।
जारी रहेंगे आवेदन?
फिलहाल सरकार की ओर से आखिरी तिथि तो नहीं बताई गई है, लेकिन ये बता दिया गया है कि एक करोड़ से ज्यादा आवेदन आ चुके हैं। इस योजना में एक करोड़ घरों पर ही सोलर पैनल लगाए जाएंगे, ऐसे में अब ज्यादा आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। कुछ लाख आवेदन खारिज होने की सूरत में ही एक करोड़ में नए आवेदन करने वालों का नंबर आएगा।
ऐसे करें आवेदन
पीएम सूर्य घर योजना में आवेदन करने के लिए आपको pmsuryaghar.gov.in पर जाना होगा, जिसके बाद योजना से जुड़ी हर जानकारी यहां मिल जाएगी। यहीं से उपभोक्ता आवेदन भी कर सकते हैं। आवेदन के लिए कुछ शर्तें भी रखी गई हैं, जो लोग पहले से सोलर पैनल सब्सिडी ले चुके हैं।
उन्हें इसका लाभ नहीं मिलेगा। वहीं जिन लोगों के पास खुद का घर नहीं है और छत पर पर्याप्त जगह नहीं है, उनके घरों पर भी सोलर पैनल नहीं लगाए जाएंगे। अधिकतम 3 किलोवाट तक सब्सिडी मिलेगी, जो करीब 78 हजार रुपए होगी। देवली क्षेत्र में अब तक करीब 110 उपभोक्ता इसके लिए आवेदन कर चुके हैं।


