पति ने जताई हत्या की आशंका
Jahazpur News 23 अप्रैल (आज़ाद नेब) पंडेर थाना क्षेत्र के भीलड़ी गांव में सोमवार शाम अपनी भैंस तालाश करने खेत पर गई महिला देर रात तक वापस नहीं लौटी। इस पर परिजनों ने तलाश की ओर पुलिस को भी इसकी जानकारी दी। लेकिन उक्त महिला का शव बाद में कुएं में तैरता मिला।
इस दौरान शिवराज बैरवा, घनश्याम रेगर, रामदेव बैरवा सहित करीब गांव के पचास लोग पूरी रात तलाश कर रहे थे। शव निकालने वाले रामदेव बैरवा का कहना था कि महिला की गर्दन पर पत्थर बधां था। थाना प्रभारी कमलेश मीणा ने बताया कि भीलड़ी निवासी एक युवक ने थाने में रिपोर्ट दी। इसमें बताया गया कि उसकी पत्नी को गांव की एक महिला ने फोन कर कर धमकी दी कि वह उसे जान से मार देगी। पीड़ित ओर उसकी पत्नी ने इस बात को गंभीरता से नहीं लिया। पीड़ित ने जब उस महिला से स्वयं की पत्नी को धमकी देने के बारे में पूछा तो उसने कहा कि उक्त महिला का नाजायज संबंध उसके पति से है।
जिसके चलते उसने पीड़ित की पत्नी को जान से मारने की धमकी दी। मृतका के पति ने हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। प्रथम दृष्टया रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।



