गत दो माह पूर्व जनता कॉलोनी में हुई थी वारदात
Deoli News 22 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) स्थानीय थाना पुलिस ने गत दो माह पूर्व शहर की जनता कॉलोनी में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस ने चुराए गए आभूषण व सामान भी बरामद किया है।

थाना प्रभारी राजकुमार नायक के अनुसार मामले में गत 16 अप्रैल को सोना मीणा पत्नी नरेश कुमार मीणा निवासी सीतापुरा थाना दूनी व हाल निवासी किराएदार जनता कॉलोनी देवली ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया कि पीड़िता व उसकी बहन किराया के मकान में रहती है तथा उसके पीहर में जाने के बाद 15 अप्रैल की मध्य रात्रि को चोरों ने उनकी बहन आशा के कमरें में घुसकर चांदी की चूड़ी, बच्चों के हाथ में पहनने के कड़े, पायजेब, बिछिया, जूते, कपड़ा पर इस्त्री करने की प्रेस व गैस सिलेंडर चुरा कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वही सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मण सिंह की अगवाई में टीम गठित की।
पुलिसकर्मी राजेश व श्रवण के सहयोग से थाना पुलिस ने सूचनाए एकत्रित की तथा सीसीटीवी फुटेज चेक किया। वही मुखबिर की सूचना पर संदिग्ध हर्षवर्धन पुत्र गजेंद्र सिंह निवासी बीसलपुर कॉलोनी देवली थाना हनुमान नगर को डिटेन किया तथा पूछताछ किए जाने पर आरोपी हर्षवर्धन ने सोना मीना के किराए के मकान में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस अनुसंधान में अभियुक्त से एक जोड़ी चांदी की चूड़ी, बच्चों के हाथ में पहनने के कड़े, चांदी की दो जोड़ी पायजेब, जूते की जोड़ी प्रेस व सिलेंडर बरामद किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी पहले सूने मकान की रेकी कर बाद में रात के दौरान वारदात को अंजाम देते हैं।




